अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देशानुसार आज चंडीगढ़ में महिला कांग्रेस द्वारा “पोस्टकार्ड अभियान” चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व नंदिता हुड्डा ने किया, जबकि आयोजन सेक्टर-52 में वाइस प्रेसिडेंट माया द्वारा संपन्न कराया गया।
इस अभियान के तहत महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने पोस्टकार्ड के माध्यम से केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण को लेकर भ्रामक जानकारी दी जा रही है।
महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 संसद से सर्वसम्मति से पारित होकर कानून बन चुका है और यदि सरकार की मंशा स्पष्ट हो तो इसे तुरंत लागू किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं को सशक्त करने का कार्य किया है। पंचायती राज और नगर निकायों में 33% महिलाओं की भागीदारी राजीव गांधी की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।
महिला कांग्रेस की प्रमुख मांगें:
- नारी शक्ति वंदन अधिनियम को शीघ्र लागू किया जाए।
- ओबीसी, एसटी और एससी वर्ग की महिलाओं को आरक्षण दिया जाए।
विशेष मांग:
वर्तमान 543 लोकसभा सीटों में महिलाओं के लिए प्रभावी आरक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं संसद तक पहुंच सकें।
महिला कांग्रेस ने इस पोस्टकार्ड अभियान के माध्यम से देशभर से प्रधानमंत्री को संदेश भेजते हुए महिलाओं की आवाज़ को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार आधी आबादी की भावनाओं को समझते हुए ठोस कदम उठाएगी।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं, जिन्होंने इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाई।
