सेक्टर 42 के सभी पार्कों, ग्रीन बेल्ट और वॉकिंग ट्रैक की होगी मरम्मत एवं पेंटिंग – जसबीर सिंह बंटी

*चंडीगढ़, 3 नवंबर 2026:* सेक्टर 42 बी में मकान नंबर 1086 के नजदीक मौजूदा वॉकिंग ट्रैक की मरम्मत, टो-वॉल की मरम्मत, पेंटिंग एवं ग्रिल की मरम्मत के कार्य का उद्घाटन आज पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर एवं वार्ड पार्षद जसबीर सिंह बंटी की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर पवन सिंगला ने नारियल तोड़कर विकास कार्य की शुरुआत करवाई।

इस मौके पर जसबीर सिंह बंटी ने बताया कि सेक्टर 42 बी के इस वॉकिंग ट्रैक के साथ-साथ सेक्टर 42 की ग्रीन बेल्ट ए बी, सेक्टर 42 सी डी सहित सभी पार्कों की टो-वॉल की मरम्मत करवाई जाएगी तथा उनकी पेंटिंग भी करवाई जाएगी। इसके अलावा जिन पार्कों के वॉकिंग ट्रैक खराब हो चुके हैं, उनकी भी मरम्मत करवाकर उन्हें दोबारा बेहतर स्थिति में तैयार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वार्ड के पार्कों और ग्रीन बेल्ट को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्र के निवासियों, विशेषकर बुजुर्गों को सुबह और शाम की सैर के लिए अच्छी सुविधाएं मिल सकें।

इस अवसर पर सेक्टर 42 बी के प्रधान राज कुमार शर्मा ने जसबीर सिंह बंटी एवं नगर निगम का धन्यवाद करते हुए बताया कि इस पार्क में गांव अटावा और सेक्टर 42 के निवासी प्रतिदिन शाम को सैर करने आते हैं। स्टॉर्म वाटर पाइपलाइन डालने के बाद यहां का वॉकिंग ट्रैक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके कारण विशेषकर बुजुर्गों को सैर करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि ट्रैक की मरम्मत की लंबे समय से आवश्यकता थी और अब इसका काम शुरू होने से स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

राज कुमार शर्मा सहित उपस्थित निवासियों ने वार्ड के विकास कार्यों में लगातार सहयोग देने और लोगों के साथ मिलकर क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करवाने के लिए जसबीर सिंह बंटी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी लगन और समर्पण के साथ वे आगे भी शहर एवं वार्ड की सेवा करते रहेंगे।

इस मौके पर नगर निगम के जेई दिव्यदीप ने बताया कि वॉकिंग ट्रैक की मरम्मत का कार्य लगभग एक महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही टो-वॉल की मरम्मत का कार्य भी इसी महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि स्थानीय निवासियों को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इस अवसर पर मनोहर सिंह, किक्कर सिंह, गुरदयाल सिंह, आर.एस. चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share