किसानों की शहादत पर राजनीति करने वाले आज फिर कुर्सी के लिए एक हो गए: एच.एस. लक्की

  • भाजपा-अकाली गठबंधन को बताया सत्ता की भूख और राजनीतिक अवसरवाद का नापाक समझौता; किसानों के साथ विश्वासघात का जनता मांगेगी हिसाब।

चंडीगढ़। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के दोबारा गठबंधन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे सत्ता की भूख और राजनीतिक अवसरवाद का नापाक समझौता करार दिया है।
लक्की ने कहा कि सितंबर 2020 में केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा तीन कृषि कानून लागू किए जाने के विरोध में अकाली दल ने 24 साल पुराना एनडीए गठबंधन तोड़ दिया था। उस समय अकाली दल ने किसानों के हितों की दुहाई देते हुए भाजपा से नाता तोड़ा था। ऐतिहासिक किसान आंदोलन में 700 से अधिक किसानों की जान गई और आखिरकार केंद्र सरकार को नवंबर 2021 में तीनों कृषि कानून वापस लेने पड़े।
उन्होंने सवाल किया कि यदि भाजपा की नीतियां किसानों के खिलाफ थीं, तो आज अकाली दल उसी भाजपा के साथ दोबारा गठबंधन कैसे कर सकता है? क्या किसानों का संघर्ष और उनकी शहादत केवल राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल की जाने वाली चीज है?
लक्की ने कहा कि 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा को केवल 2 और अकाली दल को 3 सीटें मिली थीं। दोनों दल अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए अब फिर एक-दूसरे का सहारा ले रहे हैं। यह गठबंधन किसी जनहित या विकास के एजेंडे पर नहीं, बल्कि राजनीतिक अस्तित्व बचाने की मजबूरी पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की जनता भी भाजपा के दस वर्षों के शासन का हिसाब मांगेगी। महंगाई, नए टैक्स, पानी के बढ़ते बिल, कॉलोनियों के मालिकाना हक, हाउसिंग बोर्ड और गांवों की समस्याओं सहित शहर के बुनियादी मुद्दों पर भाजपा जवाब देने से बच नहीं सकती।
एच.एस. लक्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा और अकाली दल की इस अवसरवादी राजनीति को जनता के सामने बेनकाब करेगी। लोकतंत्र में गठबंधन बनाने का अधिकार सभी को है, लेकिन जनता को यह पूछने का भी अधिकार है कि कल तक एक-दूसरे को किसान विरोधी बताने वाले आज कुर्सी के लिए एक साथ क्यों खड़े हैं। चंडीगढ़ की जनता नगर निगम चुनाव में भाजपा को इसका जवाब जरूर देगी।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share