- एच.एस. लक्की का भाजपा पर तीखा हमला—राजस्थान का जनादेश भाजपा के पतन की शुरुआत, अब चंडीगढ़ की जनता भी नगर निगम चुनाव में देगी भाजपा को करारा जवाब
जिला परिषद में 37 में से 25 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा, पंचायत समिति चुनावों में कुल 269 सीटें जीतकर कांग्रेस ने हासिल किया भारी बहुमत
चंडीगढ़। राजस्थान में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस की शानदार और ऐतिहासिक जीत से उत्साहित चंडीगढ़ कांग्रेस ने आज सेक्टर-35 स्थित राजीव गांधी कांग्रेस भवन में जोरदार जश्न मनाया। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की के नेतृत्व में आयोजित इस जश्न में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया, आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर जीत की बधाई दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने स्वयं कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा करवाकर इस जीत की खुशी साझा की।
राजस्थान में कांग्रेस की इस शानदार सफलता ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह भर दिया है। जिला परिषद की 37 सीटों में से कांग्रेस ने 25 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा महज 9 सीटों पर सिमटकर रह गई। वहीं पंचायत समिति चुनावों में कुल 269 सीटों पर जीत हासिल कर कांग्रेस ने अपनी मजबूत जनस्वीकृति का परिचय दिया, जबकि भाजपा को मात्र 73 सीटों से संतोष करना पड़ा।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एच.एस. लक्की ने कहा कि राजस्थान का चुनाव परिणाम केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों, खोखले वादों और अहंकार के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनादेश है। यह परिणाम देश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और भाजपा के लगातार गिरते जनाधार का संकेत है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की यह जीत भाजपा के राजनीतिक पतन की शुरुआत है और आने वाले समय में देशभर में कांग्रेस के पक्ष में इसी तरह का जनसमर्थन देखने को मिलेगा।
लक्की ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि आज देश का आम नागरिक महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा है। भाजपा ने सत्ता में आने से पहले जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाए, लेकिन सत्ता मिलने के बाद उन्हीं वादों को भुला दिया। नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं, मध्यम वर्ग महंगाई की मार झेल रहा है और आम आदमी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है। जनता अब भाजपा के नारों और जुमलों से ऊब चुकी है और बदलाव चाहती है।
चंडीगढ़ में भाजपा का नगर निगम पूरी तरह विफल, जनता बदलाव के लिए तैयार
चंडीगढ़ की राजनीतिक स्थिति पर बोलते हुए एच.एस. लक्की ने कहा कि भाजपा ने पिछले वर्षों में नगर निगम को बदहाली, भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और विफल परियोजनाओं का केंद्र बना दिया है। शहर की टूटी सड़कें, सफाई व्यवस्था की बदहाली, नागरिक सुविधाओं में लगातार गिरावट, अधूरी विकास परियोजनाएं और शहर की गिरती रैंकिंग भाजपा के तथाकथित विकास मॉडल की असलियत उजागर कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास चंडीगढ़ की जनता को बताने के लिए अपनी कोई ठोस उपलब्धि नहीं है। नगर निगम में सत्ता का इस्तेमाल जनसेवा के बजाय राजनीतिक स्वार्थों के लिए किया गया। शहर के लोगों पर नए आर्थिक बोझ डालने और उनकी समस्याओं की अनदेखी करने वाली भाजपा को अब जनता के सवालों का जवाब देना होगा।
लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता अब भाजपा के झूठे प्रचार और खोखले दावों के बहकावे में आने वाली नहीं है। लोग कांग्रेस के शासनकाल और उसकी जनहितकारी नीतियों को याद कर रहे हैं। कांग्रेस हमेशा आम आदमी, व्यापारियों, कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं, गांवों और कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है।
उन्होंने पूरे विश्वास के साथ कहा कि जिस तरह राजस्थान की जनता ने भाजपा को करारा जवाब देते हुए कांग्रेस पर भरोसा जताया है, उसी तरह दिसंबर में होने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में भी भाजपा को जनता के गुस्से का सामना करना पड़ेगा और कांग्रेस भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी।
एच.एस. लक्की ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि राजस्थान की इस जीत को केवल जश्न तक सीमित न रखें, बल्कि इसे चंडीगढ़ में कांग्रेस की जीत का संकल्प बनाएं। प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ अपने-अपने वार्ड और बूथ में जुट जाए। भाजपा की विफलताओं और जनविरोधी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा कांग्रेस की नीतियों, कार्यक्रमों और जनहित के मुद्दों को जनता के सामने मजबूती से रखें।
उन्होंने कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव चंडीगढ़ के भविष्य की दिशा तय करने वाला चुनाव होगा। कांग्रेस पूरी एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती और जनता के मुद्दों के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। हमारा लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि चंडीगढ़ को भ्रष्टाचार और प्रशासनिक बदहाली से मुक्त कर एक स्वच्छ, व्यवस्थित और विकसित शहर बनाना है।
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजस्थान में पार्टी की शानदार जीत पर एक-दूसरे को बधाई दी और आगामी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा और एकजुटता से काम करने का संकल्प लिया।
कांग्रेस भवन में ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और कार्यकर्ताओं के उत्साह के बीच मनाया गया यह जश्न आगामी नगर निगम चुनाव से पहले चंडीगढ़ कांग्रेस के बढ़ते आत्मविश्वास और चुनावी तैयारियों का स्पष्ट संदेश देता नजर आया।
