- एच.एस. लक्की बोले—जनता भाजपा के खोखले वादों, महंगाई और बेरोजगारी से परेशान; दिसंबर में चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पूरी ताकत से उतरेगी
चंडीगढ़। राजस्थान में में संपन्न पंचायत एवं स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस को मिली अपार सफलता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि राजस्थान के नतीजे देश की राजनीति में बदलते जनमत का संकेत हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों और शासन से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता में असंतोष दिखाई दे रहा है और कांग्रेस को मिल रहा जनसमर्थन पार्टी के लिए उत्साहजनक है।
लक्की ने कहा कि देशभर में महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ती आर्थिक परेशानियों और भाजपा के चुनावी वादों को लेकर जनता सवाल उठा रही है। भाजपा ने लोगों को बड़े-बड़े सपने दिखाए, लेकिन जमीनी स्तर पर आम नागरिक आज भी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है। जनता अब नारों और वादों के बजाय जवाबदेही और ठोस काम चाहती है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान के चुनावी नतीजे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा और उत्साह लेकर आए हैं। कांग्रेस का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है और पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रही है।
चंडीगढ़ में दिसंबर 2026 में होने वाले नगर निगम चुनावों का जिक्र करते हुए एच.एस. लक्की ने कहा कि कांग्रेस इन चुनावों को पूरी गंभीरता, संगठनात्मक मजबूती और एकजुटता के साथ लड़ेगी। भाजपा के पिछले दस वर्षों के नगर निगम शासन का हिसाब जनता के सामने रखा जाएगा। शहर के विकास, भ्रष्टाचार, नए करों, कॉलोनियों के मालिकाना हक, गांवों की समस्याओं, व्यापारियों और उद्योगों के मुद्दों को चुनाव का प्रमुख एजेंडा बनाया जाएगा।
लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता को अब केवल चुनावी घोषणाएं नहीं, बल्कि जवाब चाहिए। कांग्रेस शहर के प्रत्येक वार्ड, प्रत्येक बूथ और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचकर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।
उन्होंने बताया कि राजस्थान में कांग्रेस की चुनावी सफलता की खुशी में कल चंडीगढ़ स्थित राजीव गांधी कांग्रेस भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जश्न मनाया जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एकत्रित होकर पार्टी की इस सफलता पर खुशी जाहिर करेंगे।
