विश्व सीओपीडी दिवस पर पारस हेल्थ पंचकूला ने कुल्लू में सीओपीडी के प्रति किया जागरूक, लगातार खांसी और सांस फूलने को नज़रअंदाज़ न करने की अपील

  • डॉ. अमित कुमार मंडल, सीनियर डायरेक्टर – पल्मोनोलॉजी ने तंबाकू सेवन, घर के भीतर धुएं के संपर्क और देर से होने वाली जांच को प्रमुख चिंता बताया तथा समय पर फेफड़ों की जांच कराने पर ज़ोर दिया

कुल्लू, 17 नवंबर 2026: विश्व सीओपीडी दिवस के अवसर पर पारस हेल्थ पंचकूला ने कुल्लू में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिज़ीज़ (सीओपीडी) के प्रति लोगों को जागरूक किया। यह फेफड़ों की एक आम, लेकिन अक्सर अनदेखी रह जाने वाली बीमारी है, जिसमें सांस लेना धीरे-धीरे मुश्किल होता जाता है। इस अवसर पर पारस हेल्थ पंचकूला के सीनियर डायरेक्टर – पल्मोनोलॉजी, डॉ. अमित कुमार मंडल ने सीओपीडी के कारणों, शुरुआती लक्षणों, समय पर जांच की ज़रूरत और उन उपचार विकल्पों के बारे में जानकारी दी, जिनकी मदद से मरीज़ सक्रिय जीवन जी सकते हैं। इस वर्ष विश्व सीओपीडी दिवस “बेहतर जीवन के लिए शीघ्र निदान और प्रबंधन” (Early Diagnosis and Management for a Better Life) थीम पर मनाया जा रहा है।

बीमारी के बढ़ते बोझ को देखते हुए ऐसे जागरूकता प्रयास और भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, सीओपीडी दुनिया भर में मृत्यु का चौथा सबसे बड़ा कारण है और वर्ष 2021 में इससे 35 लाख लोगों की मौत हुई। द लैंसेट ग्लोबल हेल्थ में 2018 में प्रकाशित ग्लोबल बर्डन ऑफ डिज़ीज़ अध्ययन के अनुसार, भारत में सीओपीडी के मरीज़ों की संख्या 1990 में 2.81 करोड़ से बढ़कर 2016 में 5.53 करोड़ हो गई। इन आंकड़ों के बावजूद बड़ी संख्या में मरीज़ों की बीमारी तब तक पकड़ में नहीं आती, जब तक वह गंभीर अवस्था में नहीं पहुंच जाती।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पारस हेल्थ पंचकूला के सीनियर डायरेक्टर – पल्मोनोलॉजी, डॉ. अमित कुमार मंडल ने कहा, “सीओपीडी धीरे-धीरे बढ़ने वाली बीमारी है। लंबे समय तक बनी रहने वाली खांसी, बलगम और थोड़ी मेहनत पर सांस फूलना जैसे इसके शुरुआती लक्षणों को लोग अक्सर धूम्रपान की खांसी या बढ़ती उम्र का असर मानकर टाल देते हैं। पहाड़ी इलाकों में खतरा केवल धूम्रपान तक सीमित नहीं है। कई घरों में खाना पकाने और कमरे गर्म रखने के लिए लकड़ी के चूल्हे और तंदूर का इस्तेमाल होता है, खासकर लंबी सर्दियों में। बंद कमरों में बरसों तक इस धुएं के संपर्क में रहना फेफड़ों को उतना ही नुकसान पहुंचा सकता है, जितना तंबाकू। स्पाइरोमेट्री नाम की एक आसान और दर्द रहित सांस की जांच से सीओपीडी का शुरुआती अवस्था में पता लगाया जा सकता है। सही इनहेलर, पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन, टीकाकरण और तंबाकू छोड़ने से मरीज़ अपने लक्षणों को नियंत्रित रख सकते हैं, बार-बार अस्पताल में भर्ती होने से बच सकते हैं और अच्छा जीवन जी सकते हैं।” इस अवसर पर बंगा हॉस्पिटल एंड प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. जंदीप बंगा भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बातचीत के दौरान डॉ. मंडल ने सलाह दी कि 40 वर्ष से अधिक उम्र के वे लोग, जो धूम्रपान करते रहे हैं या लंबे समय तक धुएं, धूल या रसायनों के संपर्क में रहे हैं, लक्षण हल्के होने पर भी अपने फेफड़ों की जांच ज़रूर कराएं। उन्होंने कई हफ्तों तक बनी रहने वाली खांसी, रोज़ाना बलगम आना, सांस में घरघराहट, सीने में जकड़न, चढ़ाई चढ़ते या रोज़मर्रा का काम करते समय सांस फूलना और सर्दियों में बार-बार छाती का संक्रमण होने जैसे संकेतों पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने यह भी बताया कि ठंड के मौसम में सीओपीडी के लक्षण बढ़ जाते हैं और मरीज़ों को डॉक्टर की सलाह के बिना अपने इनहेलर बंद नहीं करने चाहिए।

इस अवसर पर पारस हेल्थ पंचकूला के फैसिलिटी डायरेक्टर, डॉ. पंकज मित्तल ने कहा, “सीओपीडी एक ऐसी बीमारी है, जिसमें निरंतर ध्यान, जागरूकता और समय पर इलाज की ज़रूरत होती है। कई लोगों को अपनी बीमारी का पता ही नहीं होता या वे तब तक डॉक्टर के पास नहीं जाते, जब तक रोज़मर्रा के कामों में सांस लेना मुश्किल न हो जाए। समय पर फेफड़ों की जांच न केवल सीओपीडी को शुरुआती अवस्था में पहचानने के लिए ज़रूरी है, बल्कि बीमारी के अचानक बिगड़ने और लंबे समय की जटिलताओं से बचाव के लिए भी अहम है। ऐसी पहलों के ज़रिए हमारा प्रयास है कि श्वसन स्वास्थ्य से जुड़ी जागरूकता अस्पताल की चारदीवारी से बाहर निकलकर हिमाचल प्रदेश के लोगों तक पहुंचे। सही जानकारी देकर हम लोगों को समय रहते विशेषज्ञ से परामर्श लेने और अपने फेफड़ों के लिए बेहतर आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहते हैं।”

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया। इनमें धूम्रपान और हर तरह के तंबाकू का सेवन छोड़ना, चूल्हे, तंदूर और अंगीठी का इस्तेमाल करते समय कमरे में हवा की सही आवाजाही रखना, जहां संभव हो स्वच्छ ईंधन अपनाना, धूल भरे कार्यस्थलों पर मास्क पहनना और डॉक्टर की सलाह के अनुसार इन्फ्लुएंज़ा तथा न्यूमोकोकल के टीके लगवाना शामिल हैं। यह भी बताया गया कि सीओपीडी से फेफड़ों को हुआ नुकसान ठीक नहीं किया जा सकता, लेकिन समय पर जांच और नियमित इलाज से बीमारी के बढ़ने की रफ्तार को काफी हद तक धीमा किया जा सकता है।

ऐसी पहलों के माध्यम से पारस हेल्थ पंचकूला क्षेत्र के लोगों तक विशेषज्ञ श्वसन चिकित्सा और विश्वसनीय स्वास्थ्य जानकारी पहुंचाने के अपने प्रयासों को लगातार मज़बूत कर रहा है। अस्पताल समुदायों से जुड़ने और लोगों को अपने फेफड़ों की सेहत को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित करने को प्रतिबद्ध है।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share