- एच.एस. लक्की का भाजपा पर तीखा हमला—“युवाओं का बढ़ता विश्वास कांग्रेस की ताकत, भाजपा शासित नगर निगम हर मोर्चे पर विफल”
चंडीगढ़, 23 अक्टूबर 2026।
चंडीगढ़ में नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करते हुए भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका दिया। सेक्टर-22 निवासी एवं शास्त्री मार्केट के निर्वाचित महासचिव पुनीत कपूर बावा आज अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। पुनीत कपूर बावा की युवाओं के बीच मजबूत पकड़ मानी जाती है। उनके साथ बड़ी संख्या में युवाओं का कांग्रेस में शामिल होना शहर की बदलती राजनीतिक फिजा और कांग्रेस के प्रति बढ़ते समर्थन का संकेत है।
राजीव गांधी कांग्रेस भवन में आयोजित जॉइनिंग कार्यक्रम के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि भाजपा की राजनीति से निराश युवा अब कांग्रेस में अपना भविष्य और शहर के विकास की उम्मीद देख रहे हैं। राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष के रूप में जिस बेबाकी और मजबूती से युवाओं, छात्रों, बेरोजगारी तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं, उससे युवाओं का कांग्रेस के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
लक्की ने कहा कि कांग्रेस केवल सत्ता हासिल करने के लिए राजनीति नहीं करती, बल्कि जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती है। सांसद मनीष तिवारी ने संसद में चंडीगढ़ और देश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया है। वहीं, चंडीगढ़ कांग्रेस ने भी जनहित के सवालों पर सड़कों से लेकर जनता के बीच तक लगातार संघर्ष किया है। महंगाई, नागरिक सुविधाओं, शहर के विकास और आम लोगों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस की सक्रियता ने पार्टी को जनता के बीच नई मजबूती दी है।
भाजपा शासित नगर निगम पर निशाना साधते हुए लक्की ने कहा कि शहर के लोगों ने भाजपा को विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं की उम्मीद के साथ जिम्मेदारी सौंपी थी, लेकिन नगर निगम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में नाकाम रहा है। लोगों को राहत देने के बजाय समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। शहरवासी अब खोखले दावों और राजनीतिक प्रचार से संतुष्ट होने वाले नहीं हैं। जनता को जवाब चाहिए, समाधान चाहिए और जवाबदेह शासन चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुनीत कपूर बाबा और उनके समर्थकों का कांग्रेस में शामिल होना पार्टी के लिए उत्साहजनक है। आने वाले दिनों में शहर के अनेक युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न वर्गों के लोग कांग्रेस के साथ जुड़ेंगे। लक्की ने विश्वास जताया कि आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी और बहुमत हासिल कर अपना मेयर बनाएगी।
लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस उस बदलाव की मजबूत आवाज बनकर उभर रही है। कांग्रेस का लक्ष्य केवल भाजपा को सत्ता से हटाना नहीं, बल्कि शहर को जवाबदेह, पारदर्शी और जनहितैषी प्रशासन देना है।
इस अवसर पर पार्टी के संगठन महासचिव अच्छे लाल गौड़, जिलाध्यक्ष राजदीप सिद्धू, सुरजीत सिंह ढिल्लों, जसबीर बंटी, शास्त्री मार्केट के अध्यक्ष मुकेश कुमार, पार्षद दमन बादल , ऋतु छाबड़ा ,विक्रम चोपड़ा सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
