पंचकूला की आशना बागड़ी ने थाईलैंड में लहराया परचम, एशिया पैसिफिक डांस कांग्रेस 2026 में एडल्ट सोलो का खिताब जीता

आशना इससे पहले दुबई में भी जीत चुकी हैं सोलो कैटेगरी का खिताब

पंचकूला, 19 अक्टूबर 2026: पंचकूला की आशना बागड़ी ने थाईलैंड में आयोजित एशिया पैसिफिक डांस कांग्रेस (एपीडीसी) 2026 में एडल्ट सोलो कैटेगरी का खिताब जीतकर ट्राइसिटी का नाम रोशन किया है। हाल ही में आयोजित इस डांस प्रतियोगिता में आशना ने अपने शानदार प्रदर्शन, मेहनत और प्रतिभा के दम पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।

इस प्रतियोगिता में भारत के अलग-अलग शहरों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आशना ने अपने डांस से निर्णायकों को प्रभावित किया और एडल्ट सोलो कैटेगरी में जीत हासिल की। उनकी इस सफलता से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय डांस प्रतिभा को पहचान मिली है।

अपनी इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए आशना बागड़ी ने कहा, “मेरे लिए डांस सिर्फ एक कला नहीं, बल्कि मेरा जुनून है, जो मुझे अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देता है। थाईलैंड में अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करना और यह खिताब जीतना मेरे लिए बहुत गर्व और खुशी का पल है। मेरा मानना है कि जुनून, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास ने मुझे यह प्रतियोगिता जीतने में मदद की।”

इस प्रतियोगिता में निर्णायकों के पैनल में भारतीय डांस और मनोरंजन जगत की जानी-मानी हस्तियां धर्मेश येलांडे, सौम्या कांबले, धर्मेश शाह और वरुण डीएस राणा शामिल थे। इस कार्यक्रम का आयोजन वाई एंड वी इवेंट्स की ओर से किया गया। यह संस्था डांस कलाकारों को जाने-माने कलाकारों से सीखने, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने और अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर प्रदान करती है।

यह जीत आशना के डांस सफर में एक और बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले भी वह दुबई में आयोजित एशिया पैसिफिक डांस कांग्रेस के एक संस्करण में 20 से 35 वर्ष आयु वर्ग की सोलो कैटेगरी का खिताब जीत चुकी हैं। थाईलैंड में मिली इस नई सफलता के साथ उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और खिताब जोड़ लिया है।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share