भाजपा के 12 साल, चंडीगढ़ बेहाल: एच.एस. लक्की ने भाजपा पर बोला तीखा हमला

चंडीगढ़। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने भाजपा और मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। भाजपा अपनी उपलब्धियों का बखान कर रही है, जबकि हकीकत यह है कि देश से लेकर चंडीगढ़ तक जनता परेशान है और सरकार जवाबदेही से बच रही है।
लक्की ने कहा कि चंडीगढ़, जिसे कभी सिटी ब्यूटीफुल के नाम से जाना जाता था, आज भाजपा के कुशासन के कारण बदहाली का सामना कर रहा है। नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, सड़कें टूटी हुई हैं, विकास परियोजनाएं अपेक्षित परिणाम नहीं दे रही हैं और भ्रष्टाचार तथा कथित घोटालों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। भाजपा के पिछले कई मेयर शहर को बेहतर प्रशासन और विकास देने में विफल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में करीब 1,000 युवाओं की नौकरियां छिनने का मामला बेहद चिंताजनक है, जबकि नए रोजगार के अवसर भी पर्याप्त रूप से पैदा नहीं हो रहे। भाजपा को युवाओं के भविष्य, नगर निगम की जवाबदेही और जनता की बुनियादी समस्याओं पर जवाब देना चाहिए।
लक्की ने कहा कि देश में चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर उठ रहे सवालों पर भी सरकार को जवाबदेह होना चाहिए। लोकतंत्र में जनता के सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है, न कि केवल प्रचार के जरिए अपनी छवि चमकाना।
उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रेस वार्ताओं में शेखी बघारने के बजाय चंडीगढ़ की बदहाली की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए। आगामी नगर निगम चुनाव में जनता भाजपा के 12 वर्षों के शासन का हिसाब मांगेगी। कांग्रेस को विश्वास है कि शहरवासी चंडीगढ़ के निर्माण और विकास में ऐतिहासिक भूमिका निभाने वाली कांग्रेस पर फिर भरोसा जताएंगे।
लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ को प्रचार नहीं, विकास चाहिए; वादे नहीं, रोजगार चाहिए और भ्रष्टाचार नहीं, जवाबदेह प्रशासन चाहिए। कांग्रेस जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share