सेक्टर 36 की मार्किट में पुराने सार्वजनिक शौचालय के नवीनीकरण का शिलान्यास

चंडीगढ़. सेक्टर 36 डी स्थित बूथ मार्केट में पुराने सार्वजनिक शौचालय के नवीनीकरण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद एवं पूर्व वरिष्ठ उप महापौर श्री जसबीर सिंह बंटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

यह विकास कार्य क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए पार्षद श्री जसबीर सिंह बंटी के निरंतर प्रयासों, अधिकारियों के साथ लगातार फॉलो-अप और क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है।

इस अवसर पर पार्षद श्री जसबीर सिंह बंटी ने बताया कि सेक्टर 36 डी के बूथ मार्केट के दोनों पुराने सार्वजनिक शौचालयों को चरणबद्ध तरीके से तोड़कर उनका पूर्ण नवीनीकरण किया जाएगा। नए शौचालय आधुनिक तकनीक और नए मास्टर प्लान के अनुरूप विकसित किए जाएंगे। इनमें पुरुषों एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालयों के साथ-साथ ट्रांसजेंडर एवं दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधायुक्त शौचालय भी बनाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि दोनों शौचालयों के नवीनीकरण पर लगभग ₹50 लाख की लागत आएगी। कार्य को इस प्रकार चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा कि पहले एक शौचालय का निर्माण पूरा किया जाए और उसके बाद दूसरे शौचालय का कार्य शुरू किया जाए, ताकि मार्केट में आने वाले लोगों और आसपास के निवासियों को शौचालय की सुविधा में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पार्षद ने कहा कि बूथ मार्केट में शहर के साथ-साथ ट्राई-सिटी से भी बड़ी संख्या में लोग आते हैं। यहां रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान होने के कारण प्रतिदिन काफी आवाजाही रहती है। ऐसे में आधुनिक एवं स्वच्छ सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण क्षेत्रवासियों तथा मार्केट में आने वाले लोगों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा।

मार्केट प्रतिनिधियों ने बताया कि लंबे समय से पुराने शौचालयों की खराब स्थिति और बरसात के दौरान पानी जमा होने की शिकायतें मिल रही थीं। नए शौचालयों के निर्माण से इन समस्याओं का समाधान होगा तथा मार्केट के सौंदर्यीकरण में भी सुधार आएगा।

इस मौके पर मार्केट के प्रधान अनुज सहगल, आर डब्ल्यू ए सेक्टर-36 बी के प्रधान परमजीत सिंह , राम सिंह, राम बुक डिपो के प्रतिनिधियों ने नारियल तोड़कर विकास कार्य का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर पवन सिंगला , आर ए तोमर, सुखविंदर सिंह सुखी एस एस गुप्ता, एस डी ओ डॉक्टर संजीव चौहान, जे ई सौरव ठाकुर, एसडीओ अजय मल्लिक तथा सेक्टर 36 की विभिन्न र डब्ल्यू ए के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

श्री जसबीर सिंह बंटी ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी सेक्टर 36 एवं आसपास के क्षेत्रों में जनहित से जुड़े विकास कार्यों के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share