*नगर निगम चुनाव से पहले चंडीगढ़ कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान तेज, प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर तक व्यापक मंथन

 

एआईसीसी ऑब्जर्वर जगदीश ठाकुर ने सात दिवसीय दौरे में प्रदेश कांग्रेस, पांचों जिला कांग्रेस और सभी ब्लॉकों की बैठकें लेकर कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद*

कार्यकर्ताओं की राय और जमीनी फीडबैक के आधार पर तैयार होगी संगठन की रिपोर्ट, जल्द एआईसीसी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल को सौंपी जाएगी

एच.एस. लक्की बोले—चंडीगढ़ कांग्रेस पूरी तरह एकजुट, नगर निगम की 35 में से अधिकतम सीटें जीतकर मेयर समेत महत्वपूर्ण पदों पर कांग्रेस का परचम फहराएंगे

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर अपनी संगठनात्मक तैयारियों को तेज करते हुए संगठन सृजन अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी कड़ी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के ऑब्जर्वर जगदीश ठाकुर ने अपने सात दिवसीय चंडीगढ़ दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस, पांचों जिला कांग्रेस कमेटियों तथा सभी ब्लॉकों की विस्तृत बैठकें कीं।
जगदीश ठाकुर गुजरात कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक रह चुके हैं और संगठनात्मक मामलों का लंबा अनुभव रखते हैं। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की के नेतृत्व में आयोजित इन बैठकों में कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित किया तथा संगठन की वर्तमान स्थिति, जमीनी चुनौतियों और भविष्य की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की।
इन बैठकों की खास बात यह रही कि केवल औपचारिक चर्चा तक सीमित रहने के बजाय कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत स्तर पर संवाद कर उनकी राय, सुझाव और जमीनी अनुभव भी जाने गए। संगठन को अधिक प्रभावी, सक्रिय और चुनावी रूप से मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया गया।
जगदीश ठाकुर ने कहा कि चंडीगढ़ में संगठन सृजन अभियान के तहत हुई बैठकों और कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के आधार पर एक विस्तृत स्थिति रिपोर्ट तैयार की जाएगी। यह रिपोर्ट जल्द ही एआईसीसी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल को सौंपी जाएगी। इसके बाद प्रदेश प्रभारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श कर संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने तथा नए जिला अध्यक्षों सहित आवश्यक नियुक्तियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान का मूल उद्देश्य कांग्रेस को ब्लॉक और बूथ स्तर तक मजबूत, सक्रिय और जवाबदेह संगठन के रूप में खड़ा करना है। कार्यकर्ताओं की आवाज और जमीनी फीडबैक को संगठनात्मक फैसलों में महत्व देने से पार्टी की चुनावी क्षमता और मजबूत होगी।

जगदीश ठाकुर के अनुभव से संगठन को मिलेगा लाभ : एच.एस. लक्की

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने एआईसीसी ऑब्जर्वर जगदीश ठाकुर द्वारा लगातार सात दिनों तक प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर की गई बैठकों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बेहद गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कांग्रेस के प्रत्येक स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद किया और उनकी व्यक्तिगत राय जानी।
लक्की ने कहा कि जगदीश ठाकुर ने सिर्फ पदाधिकारियों से औपचारिक मुलाकात नहीं की, बल्कि जमीनी स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने का काम किया है। उन्होंने सभी पक्षों को सुना, संगठन की कमियों और संभावनाओं को समझा और कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक को अपनी रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जगदीश ठाकुर जैसे अनुभवी संगठनकर्ता के अनुभव का लाभ चंडीगढ़ कांग्रेस को निश्चित रूप से मिलेगा। उनके दौरे के दौरान हुई व्यापक बैठकों ने संगठन के भीतर संवाद को मजबूत किया है और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा किया है।

नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह तैयार : लक्की

एच.एस. लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और आगामी नगर निगम चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के हर वार्ड, हर बूथ और हर मोहल्ले में जनता के बीच जाकर भाजपा की विफलताओं और कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को लेकर संवाद करेंगे।
उन्होंने कहा कि नगर निगम में भाजपा के कार्यकाल ने चंडीगढ़ की जनता को निराश किया है। कांग्रेस अब केवल चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बल्कि नगर निगम में स्पष्ट बहुमत के लक्ष्य के साथ मैदान में उतर रही है।
लक्की ने विश्वास जताया कि आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस 35 में से अधिकतम सीटों पर जीत हासिल करेगी और नगर निगम में मेयर सहित महत्वपूर्ण पदों पर कांग्रेस अपना कब्जा स्थापित करेगी।
उन्होंने कहा, “चंडीगढ़ कांग्रेस आज पहले से कहीं अधिक संगठित, एकजुट और चुनाव के लिए तैयार है। संगठन सृजन अभियान ने कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाने और उनकी आवाज को नेतृत्व तक पहुंचाने का काम किया है। आने वाले दिनों में यही मजबूत संगठन कांग्रेस की चुनावी ताकत बनेगा।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि चंडीगढ़ नगर निगम को पारदर्शी, जवाबदेह, जनहितैषी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देना है। जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए कांग्रेस नगर निगम चुनाव में एक मजबूत वैकल्पिक विजन के साथ जनता के बीच जाएगी।
चंडीगढ़ कांग्रेस अब संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और नगर निगम चुनाव में भाजपा को कड़ी राजनीतिक चुनौती देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share