- भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान संस्था ने शहर को हरा-भरा बनाने के लिए 1001 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा।
- सेक्टर-29 स्थित सेवा भारती परिसर में संस्थापक अनूप सरीन के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ।
- मुख्य अतिथि सेवा भारती पंजाब प्रांत के उपाध्यक्ष नरेश जी ने पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया।
- वक्ताओं ने वृक्षों को पर्यावरण संतुलन, ऑक्सीजन, वर्षा और जैव विविधता के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
- कार्यक्रम में सेवा भारती व भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान संस्था के अनेक पदाधिकारी और स्वयंसेवक मौजूद रहे।
चंडीगढ़। शहर को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान संस्था ने 1001 पौधे लगाने का संकल्प लिया है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को सेक्टर-29 स्थित सेवा भारती परिसर में संस्थापक एवं समाजसेवी अनूप सरीन के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवा भारती, पंजाब प्रांत के उपाध्यक्ष नरेश जी ने पौधारोपण कर किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने और जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्राप्त करने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पेड़ वायु को शुद्ध करते हैं, वर्षा लाने में सहायक होते हैं, मिट्टी के कटाव को रोकते हैं और वन्यजीवों को आश्रय प्रदान करते हैं।
सेवा भारती सेक्टर-29 के अध्यक्ष राजिंदर जैन ने कहा कि पेड़ मानव जीवन का आधार हैं और इनके बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान संस्था के संस्थापक अनूप सरीन ने सभी नागरिकों से वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने सेवा भारती की सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए संस्था को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सेवा भारती के उपाध्यक्ष राकेश सेठी सहित भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान संस्था के प्रदीप कुमार, महिंदर शर्मा, सुभाष चंद्र, रमेश गुप्ता, विजय जिंदल, विश्व गुप्ता, बी.के. जोशी, अशोक चौधरी, कुलदीप, नरेश गोयल, रघुवीर मित्तल, सतीश गुप्ता, पायलट सिंह, मानसी, मीनाक्षी, सविता, पुष्पा सहित अनेक सदस्य एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
