चंडीगढ़, 25 अगस्त: पोस्टग्रेजुएट कॉलेज फॉर गर्ल्स, सेक्टर-42 में विद्यार्थियों के लिए आर्ट एंड ट्रैवल फोटोग्राफी पर वर्कशॉप एवं फोटो वॉक का आयोजन किया गया। वर्कशॉप में मुख्य प्रवक्ता गुरमीत सिंह गावड़ा ने विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों को फोटोग्राफी की बारीकियों से अवगत कराया।
वर्कशॉप के दौरान फोटोग्राफी के मूल नियमों के साथ कंपोजिशन, लीडिंग लाइन्स, पैटर्न, लाइट एंड शैडो, सुबह और शाम की रोशनी, लेयर्स तथा रिफ्लेक्शन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सही रोशनी, बेहतर कंपोजिशन और आसपास के वातावरण को समझकर खींची गई तस्वीर फोटोग्राफी को अधिक प्रभावशाली बना सकती है।
विद्यार्थियों के लिए फोटो वॉक भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने मौके पर फोटोग्राफी की तकनीकों को प्रयोग करके समझा। इसके अलावा फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं में भाग लेने की प्रक्रिया, तस्वीरों के चयन और प्रतियोगिता के लिए फोटो भेजने के तरीकों की जानकारी भी दी गई।
वर्कशॉप के दौरान विद्यार्थियों को नेगेटिव फिल्म फॉर्मेट के पुराने एवं हेरिटेज कैमरों से भी परिचित कराया गया। कैनन, मिनोल्टा, निकॉन, फुजीफिल्म और लाइका जैसी कंपनियों के पुराने कैमरे दिखाते हुए बताया गया कि डिजिटल कैमरों के दौर से पहले फिल्म कैमरों के माध्यम से किस तरह फोटोग्राफी की जाती थी।
वर्कशॉप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आर्ट एवं ट्रैवल फोटोग्राफी के प्रति आकर्षित करना और उन्हें फोटोग्राफी की रचनात्मक एवं तकनीकी बारीकियों से परिचित कराना रहा।
