जिला पुस्तकालय की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

  • मानव अधिकार आयोग में शिकायत, स्वतंत्र निरीक्षण और बुनियादी सुविधाओं की मांग

पंचकूला। सेक्टर-11 स्थित सामुदायिक केंद्र की पहली मंजिल पर संचालित जिला पुस्तकालय पंचकूला की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए गए हैं। अधिवक्ता राजा विक्रांत शर्मा ने 24 सितंबर 2026 को हरियाणा राज्य मानव अधिकार आयोग में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत का डायरी नंबर 970/IN/2026 बताया गया है।
शिकायत में पुस्तकालय भवन की मौजूदा स्थिति, सुरक्षा, स्वच्छता तथा पाठकों के लिए उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं को लेकर विभिन्न चिंताओं का उल्लेख किया गया है। 25 सितंबर 2026 को लिए गए फोटोग्राफ में दीवारों और छतों की खराब स्थिति, नमी तथा गलियारों में पानी जैसी समस्याएं दिखाई देने का दावा किया गया है। इसके अलावा शौचालयों की स्थिति, सीढ़ियों और प्रवेश मार्ग से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर भी चिंता जताई गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार पुस्तकालय में पर्याप्त रोशनी, CCTV व्यवस्था तथा पुस्तकालय में आने वाले उपयोगकर्ताओं, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की भी समीक्षा आवश्यक है। उन्होंने इन व्यवस्थाओं की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच करवाने की मांग की है।
शिकायत में संबंधित विभागों से Action Taken Report (ATR) लेने के साथ-साथ भवन की संरचनात्मक स्थिति, विद्युत व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल तथा दिव्यांग-अनुकूल सुविधाओं का निरीक्षण कराने का अनुरोध किया गया है। साथ ही कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग भी की गई है।
अधिवक्ता राजा विक्रांत शर्मा ने शिकायत में केवल पंचकूला जिला पुस्तकालय तक सीमित न रहते हुए हरियाणा के सरकारी एवं सार्वजनिक पुस्तकालय भवनों का व्यापक निरीक्षण कराने तथा वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का ऑडिट करवाने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि पुस्तकालयों में अध्ययन के लिए आने वाले नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।
शिकायत में जिला पुस्तकालय पंचकूला के लिए एक समर्पित एवं उपयुक्त भवन उपलब्ध कराने के विकल्प पर भी विचार करने की मांग की गई है, ताकि पुस्तकालय को बेहतर सुविधाओं के साथ संचालित किया जा सके और विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं तथा अन्य पाठकों को अध्ययन का उचित वातावरण मिल सके।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share