छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, 26 जून को चंडीगढ़ में होगा बड़ा छात्र सम्मेलन : एच.एस. लक्की
चंडीगढ़, 21 जून।
देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों, भर्ती घोटालों और शिक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने व्यापक जनजागरण अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में आज जिला कांग्रेस कमेटी मनीमाजरा द्वारा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार मनीमाजरा के गोबिंदपुरा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह ढिल्लों एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव गाबा ने किया, जबकि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई तथा विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस अवसर पर राजस्थान के कोटा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा छात्रों के मुद्दों पर आयोजित कार्यक्रम का वीडियो भी प्रदर्शित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए एच.एस. लक्की ने कहा कि आज देश का युवा अपने भविष्य को लेकर गहरे संकट और असुरक्षा के दौर से गुजर रहा है। करोड़ों विद्यार्थी वर्षों तक कड़ी मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार होने वाले पेपर लीक, भर्ती घोटाले और परीक्षा प्रणाली की विफलताएं उनके सपनों को कुचल रही हैं। यह केवल प्रशासनिक नाकामी नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य और उनके परिवारों की उम्मीदों पर सीधा हमला है।
लक्की ने कहा कि जब केंद्र और राज्य सरकारें युवाओं के सवालों पर चुप्पी साधे बैठी हैं, तब राहुल गांधी देश के लाखों छात्रों की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। हाल ही में राजस्थान के कोटा में विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत को देश के सामने रखा और यह स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक एक राष्ट्रीय महामारी का रूप ले चुका है। एक के बाद एक प्रतियोगी परीक्षाएं रद्द हो रही हैं, लाखों युवाओं का समय और पैसा बर्बाद हो रहा है, लेकिन सरकार दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने में विफल रही है। इससे युवाओं में निराशा और अविश्वास का माहौल पैदा हुआ है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के भविष्य को बचाने का अभियान है। छात्रों के मुद्दों को राष्ट्रीय बहस का विषय बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज को दबने नहीं देगी और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
एच.एस. लक्की ने घोषणा की कि आज के कार्यक्रम के बाद चंडीगढ़ के सभी पांच जिलों एवं विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर छात्रों और अभिभावकों को शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक चुनौतियों, पेपर लीक की घटनाओं तथा शिक्षा सुधार की आवश्यकता के बारे में जागरूक करेंगे।
उन्होंने बताया कि 26 जून को छात्रों के मुद्दों को लेकर चंडीगढ़ में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों की समस्याओं, मांगों और सुझावों को मजबूती से उठाया जाएगा तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुधार की मांग को बुलंद किया जाएगा।
लक्की ने युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे इस अभियान को प्रत्येक छात्र और प्रत्येक परिवार तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का संदेश स्पष्ट है—देश के युवाओं के सपनों की रक्षा करना और उन्हें न्याय दिलाना कांग्रेस पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे विद्यार्थियों के हितों से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाएंगे, छात्रों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखेंगे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ एक मजबूत जनआंदोलन खड़ा करेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश का भविष्य कक्षाओं और पुस्तकालयों में तैयार होता है, न कि पेपर लीक माफियाओं और भ्रष्ट तंत्र के हाथों बर्बाद होने के लिए। कांग्रेस पार्टी देश के प्रत्येक छात्र को न्याय दिलाने तथा शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, विश्वसनीय और जवाबदेह बनाने की लड़ाई पूरी ताकत के साथ लड़ती रहेगी।
इस अवसर पर पूर्व मेयर सुरिंद्र सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत ढिल्लो, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव गाबा, नरिंदर सिंह नंदी,माइनॉरिटी विभाग के अध्यक्ष आसिफ चौधरी,प्रदेश सचिव इमरान मंसूरी, गुरदर्शन सिंह, शाम सिंह, फतेह सिंह, अरूण विशिष्ट, रणदीप ढिल्लों,बुआ सिंह, मनप्रीत सेठी, नागेश तारा, अजेय मट्टू,प्रदीप पंडित, राम प्रकाश चौधरी, हरीश कुमार, वरिंदर शर्मा बॉबी, आर पी शर्मा, मान सिंह, अभिजीत सैनी, जगदीप बग्गा, जितेश, हरदीप ढिल्लो, हरमन जिससार, मनजिंदर टिवाना आदि शामिल थे।
जारीकर्ता:
