नगर निगम चुनाव के लिए चंडीगढ़ कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल, कैंपेन कमेटी की अहम बैठक में बनी आक्रामक प्रचार रणनीति

  • एच.एस. लक्की और सांसद मनीष तिवारी ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र—हर वार्ड, हर बूथ और हर घर तक पहुंचेगी कांग्रेस; भाजपा के 10 वर्षों के कुशासन, भ्रष्टाचार, नए टैक्सों और विकास की बदहाली को बनाया जाएगा चुनावी मुद्दा

चंडीगढ़, 3 नवंबर 2026।

चंडीगढ़ में आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में आज राजीव गांधी कांग्रेस भवन, सेक्टर-35 में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कैंपेन कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। लगभग 50 सदस्यों वाली कैंपेन कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बैठक में हिस्सा लेते हुए चुनाव प्रचार, जनसंपर्क अभियान और पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
बैठक में आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। पार्टी ने स्पष्ट किया कि इस बार कांग्रेस का चुनाव अभियान केवल पोस्टरों, बैनरों और भाषणों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हर वार्ड, हर बूथ और शहर के प्रत्येक घर तक सीधा संपर्क स्थापित किया जाएगा। कांग्रेस स्थानीय मुद्दों, स्थानीय चेहरों और जनता के विश्वास को अपनी चुनावी ताकत बनाकर मैदान में उतरेगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अधिक से अधिक स्थानीय और जनाधार वाले उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारने को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्येक वार्ड में डोर-टू-डोर अभियान चलाया जाएगा तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां निर्धारित की जाएंगी। पार्टी का लक्ष्य है कि कांग्रेस की नीतियों, सांसद मनीष तिवारी द्वारा संसद में चंडीगढ़ के हितों से जुड़े उठाए गए सवालों, शहर के लिए किए गए प्रयासों तथा प्रदेश कांग्रेस द्वारा लगातार उठाए जा रहे जनहित के मुद्दों को सीधे लोगों तक पहुंचाया जाए।
बैठक में इस बात पर भी विशेष जोर दिया गया कि नगर निगम सदन में कांग्रेस पार्षदों द्वारा शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं, भ्रष्टाचार, जनसमस्याओं और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़े जो मुद्दे उठाए गए हैं, उन्हें भी चुनाव प्रचार का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाएगा। कांग्रेस जनता को बताएगी कि किस प्रकार पार्टी ने विपक्ष में रहते हुए भी शहर के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ी है।

भाजपा के 10 साल के शासन का हिसाब मांगेगी कांग्रेस

बैठक में भाजपा शासित नगर निगम की कार्यप्रणाली को चुनाव का प्रमुख मुद्दा बनाने का निर्णय लिया गया। कांग्रेस पार्टी जनता के सामने भाजपा के पिछले दस वर्षों के कार्यकाल का पूरा रिपोर्ट कार्ड रखेगी और सवाल करेगी कि आखिर चंडीगढ़ को इन वर्षों में क्या मिला?
शहर में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, विकास कार्यों की धीमी रफ्तार, नए टैक्सों का बोझ, बदहाल और टूटी सड़कें, नागरिक सुविधाओं की अनदेखी, नगर निगम की वित्तीय स्थिति और चंडीगढ़ के लिए किसी बड़े नए विकास प्रोजेक्ट का अभाव जैसे मुद्दों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाया जाएगा।
कांग्रेस का कहना है कि भाजपा ने चंडीगढ़ को विकास के नाम पर केवल घोषणाएं और आश्वासन दिए हैं, जबकि आम नागरिक महंगाई, टैक्सों और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली से जूझ रहा है। पार्टी इन सभी मुद्दों पर भाजपा को जनता के बीच जवाबदेह बनाएगी।

मैनिफेस्टो में जनता की आवाज और चंडीगढ़ के भविष्य का विजन होगा शामिल

बैठक में चुनावी घोषणा पत्र को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। फैसला लिया गया कि कांग्रेस का मैनिफेस्टो केवल राजनीतिक वादों का दस्तावेज नहीं होगा, बल्कि शहर के आम नागरिकों की जरूरतों, समस्याओं और अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।
इसमें व्यापारियों, उद्योगपतियों, गांवों के निवासियों, कॉलोनियों में रहने वाले लोगों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों, वरिष्ठ नागरिकों और मध्यम वर्ग से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी। इसके साथ ही चंडीगढ़ के समग्र विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं, पारदर्शी नगर निगम प्रशासन और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कांग्रेस का विस्तृत विजन जनता के सामने रखा जाएगा।
स्थानीय मुद्दों पर सीधा संवाद, बड़े नेताओं की भी होगी भागीदारी
बैठक में प्रचार अभियान को लेकर यह भी निर्णय लिया गया कि आसपास के राज्यों और दिल्ली से वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को चंडीगढ़ बुलाकर चुनाव प्रचार में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। हालांकि अभियान का मुख्य केंद्र स्थानीय नेता,
स्थानीय कार्यकर्ता और चंडीगढ़ के मतदाता ही रहेंगे।
कांग्रेस का विशेष फोकस सीधे मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने पर रहेगा। पार्टी सोशल मीडिया, जनसभाओं, नुक्कड़ बैठकों, डोर-टू-डोर अभियान और बूथ स्तर के संपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी बात जनता तक पहुंचाएगी।

सकारात्मक प्रचार होगा कांग्रेस की पहचान

बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय यह भी लिया गया कि कांग्रेस का पूरा चुनाव अभियान सकारात्मक, मुद्दा आधारित और जनता के भविष्य पर केंद्रित होगा। पार्टी केवल भाजपा की विफलताओं को उजागर करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि चंडीगढ़ को बेहतर, पारदर्शी और जवाबदेह नगर प्रशासन देने का अपना विजन भी सामने रखेगी। नकारात्मकता और व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के बजाय जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक के अंत में कैंपेन कमेटी के सदस्यों के सुझाव सुनने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की और सांसद मनीष तिवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। दोनों नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने और प्रत्येक वार्ड में कांग्रेस की विचारधारा तथा जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय होने का आह्वान किया।
उन्होंने सोशल मीडिया की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पार्टी के प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता को अपनी गतिविधियों, जनसंपर्क कार्यक्रमों, जनता की समस्याओं और कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना चाहिए।
बैठक में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि आगामी नगर निगम चुनाव कांग्रेस के लिए केवल सत्ता परिवर्तन का चुनाव नहीं, बल्कि चंडीगढ़ के विकास, नागरिक अधिकारों, पारदर्शिता और जवाबदेह प्रशासन की लड़ाई है।
चंडीगढ़ कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि इस बार चुनाव में भाजपा को केवल राजनीतिक चुनौती नहीं मिलेगी, बल्कि उसके दस वर्षों के शासन का वार्ड-दर-वार्ड और मुद्दे-दर-मुद्दा हिसाब जनता के सामने रखा जाएगा। कांग्रेस हर घर तक पहुंचेगी और चंडीगढ़ के भविष्य की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share