6 अक्टूबर को चंडीगढ़ में इंडिया गठबंधन का “लोकतंत्र बचाओ मार्च”

चंडीगढ़. इंडिया गठबंधन के सहभागी दलों द्वारा आगामी 6 अक्टूबर, 2026 को “लोकतंत्र बचाओ मार्च” का आयोजन किया जाएगा। चंडीगढ़ कांग्रेस के नेतृत्व में यह मार्च सेक्टर-17 से जिला उपायुक्त (डीसी) कार्यालय तक निकाला जाएगा। मार्च का नेतृत्व चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की करेंगे, जबकि इंडिया गठबंधन के सहभागी दलों के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे।
यह मार्च देश में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों और मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त अभियान का हिस्सा होगा। मार्च के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता सूची की शुचिता तथा प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता के वोट और उसके संवैधानिक अधिकार में निहित है। यदि किसी पात्र नागरिक के मताधिकार पर सवाल खड़े होते हैं या चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर आशंकाएं पैदा होती हैं, तो लोकतांत्रिक दलों का यह दायित्व बनता है कि वे जनता की आवाज को मजबूती से उठाएं।
उन्होंने कहा कि 6 अक्टूबर का “लोकतंत्र बचाओ मार्च” किसी एक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि इंडिया गठबंधन के सहभागी दलों का संयुक्त संघर्ष है। इस मार्च के माध्यम से चंडीगढ़ की जनता के सामने लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़े गंभीर सवालों को मजबूती से रखा जाएगा।

मार्च में “वोट बचाओ–देश बचाओ” का संदेश प्रमुख रहेगा। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के सहभागी दलों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इसमें भाग लेकर यह संदेश देंगे कि मतदाता का अधिकार लोकतंत्र की बुनियादी ताकत है और चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास कायम रहना आवश्यक है।
मार्च में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों, ब्लॉक स्तर के नेताओं, फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ-साथ इंडिया गठबंधन के सहभागी दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
संविधान के अनुच्छेद 326 का होगा सार्वजनिक वाचन
मार्च के समापन अवसर पर भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा। यह अनुच्छेद लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनावों को वयस्क मताधिकार के आधार पर कराने का संवैधानिक आधार प्रदान करता है।
इस अवसर पर राष्ट्रगान भी होगा और लोकतंत्र तथा मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जाएगा।

चंडीगढ़ कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के सहभागी दलों के साथ मिलकर मार्च की तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं को लामबंद किया जा रहा है और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनसंपर्क किया जा रहा है।
एच.एस. लक्की ने कहा कि 6 अक्टूबर को चंडीगढ़ की सड़कों से लोकतंत्र, संविधान और मतदाता के अधिकारों की आवाज बुलंद होगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और इंडिया गठबंधन के सभी सहभागी दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होने का आह्वान किया।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share