चंडीगढ़ में वरिष्ठ पत्रकार रमेश हांडा से कथित बदसलूकी पर न्यू कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का तीखा विरोध

 

24 घंटे में एफआईआर और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

चंडीगढ़। सेक्टर-37, चंडीगढ़ में वरिष्ठ पत्रकार रमेश हांडा के साथ कथित धक्का-मुक्की, हमला करने के प्रयास और मोबाइल फोन छीनने की घटना के आरोपों को लेकर न्यू कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसकी घोर निंदा की है। पार्टी ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करने तथा सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

न्यू कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) सुप्रीमो एवं केंद्रीय अध्यक्ष एडवोकेट विवेक हंस गरचा ने कहा कि यदि किसी पत्रकार के साथ इस प्रकार की घटना हुई है तो यह केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और स्वतंत्र पत्रकारिता पर गंभीर आघात है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और जनता के बीच सच्चाई पहुंचाने का कार्य करते हैं, इसलिए उन्हें डराने-धमकाने या दबाव में लेने का कोई भी प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

एडवोकेट विवेक हंस गरचा ने कहा कि उन्होंने हमेशा स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 के बाद कई बड़े मीडिया संस्थानों ने भले ही उनके और न्यू कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की गतिविधियों को पर्याप्त स्थान नहीं दिया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने हमेशा स्वतंत्र मीडिया और पत्रकार समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार रमेश हांडा सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं। जब भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया, उन्होंने बिना किसी पूर्वाग्रह के अपनी जिम्मेदारी निभाई। ऐसे पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार बेहद चिंताजनक है।

न्यू कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, यदि मोबाइल फोन छीने जाने का आरोप सही पाया जाता है तो उसे बरामद कर पत्रकार को वापस सौंपा जाए तथा भविष्य में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

एडवोकेट विवेक हंस गरचा ने कहा कि न्यू कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) वरिष्ठ पत्रकार रमेश हांडा और पूरे पत्रकार समुदाय के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने पत्रकारों से निर्भीक होकर निष्पक्ष पत्रकारिता जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा में स्वतंत्र मीडिया की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले 24 घंटे के भीतर मामले में उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो न्यू कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share