एक पेड़ शहीद के नाम: मलोया गौशाला में औषधीय व फलदार पौधों का रोपण, कैप्टन विक्रम बत्रा को दी श्रद्धांजलि

चंडीगढ़, 13 जुलाई
वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गनाइजेशन तथा गौशाला, मलोया के पदाधिकारियों के संयुक्त सहयोग से सोमवार को गौशाला, मलोया में औषधीय एवं फलदार पौधों का पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, हरित आवरण बढ़ाना तथा औषधीय एवं फलदार पौधों के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर कारगिल युद्ध के परमवीर चक्र विजेता शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए पौधारोपण अभियान “एक पेड़ शहीद के नाम” को समर्पित किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया और उनके प्रसिद्ध उद्गार “ये दिल मांगे मोर” को याद करते हुए देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डॉ. हरकेश कुमार मुख्य अतिथि तथा राकेश कुमार विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं गौ सेवा दल से राजकुमार मित्तल और आदर्श नरूला ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गनाइजेशन की ओर से कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रदीप शर्मा, महासचिव सुरेश राणा, किरपाल सिंह ठाकुर, शिवा शर्मा, साक्षी शर्मा, रजनी ठाकुर और राजपाल डोगरा ने पौधारोपण में सक्रिय भागीदारी निभाई। गौशाला, मलोया की ओर से श्रीकेश रैना, विजेता महाजन तथा पंकज अरोड़ा ने भी अभियान में सहयोग दिया।
संस्था के महासचिव सुरेश राणा ने कहा कि औषधीय एवं फलदार वृक्षों का रोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ देश के वीर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक सार्थक माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share