- 28 जून को पंजाब कला भवन में होगा संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम
- लाइव ऑर्केस्ट्रा के साथ ट्राईसिटी के गायक देंगे प्रस्तुति
- सेवानिवृत्त आईएएस एस.एस. प्रसाद समेत कई गणमान्य अतिथि होंगे शामिल
समाचार
चंडीगढ़। जीरकपुर की नंद एंटरटेनमेंट की ओर से हिंदी फिल्म जगत में ‘पंचम’ के नाम से विख्यात महान संगीतकार राहुल देव बर्मन को समर्पित एक भावभीनी संगीतमय श्रद्धांजलि आयोजित की जा रही है। ‘डिफरेंटली डिफरेंट–पंचम: द लीजेंड’ शीर्षक से होने वाले इस कार्यक्रम में शेरी बैंड का लाइव ऑर्केस्ट्रा आकर्षण का केंद्र रहेगा।
कार्यक्रम में ट्राईसिटी के विभिन्न हिस्सों से आए गायक राहुल देव बर्मन की धुनों पर आधारित लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं संगीत प्रेमी एस.एस. प्रसाद उपस्थित रहेंगे। उनके साथ रंजू प्रसाद, अमरटैक्स के अरुण ग्रोवर, हरियाणा के अधिकारी जगदीश ढांडा तथा प्रसिद्ध क्विज मास्टर किशोर शर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आयोजक एवं गायक नंदकिशोर ने बताया कि कार्यक्रम की थीम ‘डिफरेंटली डिफरेंट–पंचम: द लीजेंड’ रखी गई है, जिसका अलग अंदाज दर्शकों को कार्यक्रम स्थल पर महसूस होगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले वे कई कार्यक्रम आयोजित कर चुके हैं, लेकिन लाइव बैंड के साथ यह उनका पहला आयोजन है।
यह कार्यक्रम 28 जून (रविवार) को सेक्टर-16 स्थित पंजाब कला भवन में शाम 3:30 बजे से शुरू होगा। आयोजकों ने संगीत प्रेमियों को कार्यक्रम में सपरिवार शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
