सेक्टर-38 ए व बी रेजिडेंट वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की पहल को मिला भरपूर समर्थन, 30 जून तक चलेगी कार्यशाला
चंडीगढ़, 17 जून 2026। शहरवासियों को पंजाबी संस्कृति से जोड़कर रखने के उद्देश्य से सेक्टर-38 ए एवं बी की रेजिडेंट वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन (आरडब्ल्यूओ) द्वारा भंगड़ा की एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई है, जो 30 जून तक चलेगी। समर कैंप के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य सेक्टरवासियों को पंजाब की समृद्ध विरासत से जोड़ना है।
आरडब्ल्यूओ के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि पंजाबी कला केंद्र के सहयोग से प्रख्यात लोक कलाकार तथा संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित बलकार सिद्धू प्रतिभागियों को भंगड़ा की बारीकियां सिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेक्टर-38 के अलावा आसपास के अन्य सेक्टरों के निवासियों ने भी इस कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लिया है।
संस्था के महासचिव अश्वनी कुमार, कार्यकारिणी सदस्य नीलम गोयल तथा सक्रिय सदस्य राखी सुब्रमण्यम ने इस परियोजना को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यशाला में सभी आयु वर्गों के 100 से अधिक पुरुष, महिलाएं और बच्चे भाग ले रहे हैं।
जोगिंदर सिंह ने कहा कि भविष्य में भी पंजाबी संस्कृति और लोक कलाओं को बढ़ावा देने के लिए ऐसे प्रयास जारी रखे जाएंगे।
