चंडीगढ़ में लैंड पूलिंग पॉलिसी लागू करने के मुद्दे पर राज्यपाल से मिलेगा किसानों का प्रतिनिधिमंडल

भारतीय किसान यूनियन (लाखोवाल) ने चंडीगढ़ के किसानों की मांगों का किया समर्थन
चंडीगढ़,
चंडीगढ़ में लैंड पूलिंग पॉलिसी को शीघ्र लागू करवाने की मांग को लेकर किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों के हितों की रक्षा तथा उन्हें विकास प्रक्रिया में भागीदार बनाने के लिए लैंड पूलिंग पॉलिसी को तत्काल लागू करने की मांग उठाएगा।
यह निर्णय गांव सारंगपुर में चंडीगढ़ पेंडू विकास मंच के अध्यक्ष श्री सतिंदर पाल सिंह सिद्धू की अध्यक्षता में आयोजित किसान बैठक के दौरान लिया गया। बैठक में भारतीय किसान यूनियन (लाखोवाल) के अध्यक्ष श्री हरिंदर सिंह लाखोवाल ने विशेष रूप से भाग लिया और चंडीगढ़ के किसानों की मांगों को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
इस अवसर पर श्री हरिंदर सिंह लाखोवाल ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन हमेशा किसानों के अधिकारों और हितों की आवाज बुलंद करती रही है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ शहर पंजाब के गांवों की भूमि पर बसाया गया था, लेकिन दुर्भाग्यवश समय-समय की सरकारों ने चंडीगढ़ के गांवों और वहां के निवासियों की समस्याओं को पर्याप्त महत्व नहीं दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी यूनियन चंडीगढ़ के किसानों की आवाज को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाएगी।
चंडीगढ़ पेंडू विकास मंच के अध्यक्ष श्री सतिंदर पाल सिंह सिद्धू ने कहा कि वे पूर्व में भी कई बार राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया से लैंड पूलिंग पॉलिसी के मुद्दे पर मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासक की ओर से हमेशा सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है तथा किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि अब किसानों का प्रतिनिधिमंडल पुनः राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक से मुलाकात कर चंडीगढ़ में लैंड पूलिंग पॉलिसी को शीघ्र लागू करने की मांग करेगा, ताकि किसानों को विकास का भागीदार बनाया जा सके और उनकी जमीनों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share