भारतीय शहरों का जैविक कचरा 2047 तक 51 अरब डॉलर का अवसर बन सकता है: सीईईडब्ल्यू रिपोर्ट

जैविक कचरे (गीले कचरे) के बेहतर प्रबंधन से लगभग 24 अरब डॉलर का निवेश आ सकता है और 26 लाख प्रत्यक्ष रोजगार पैदा हो सकते हैं।
अनुकूल और सहायक नीतियों के जरिए गीले कचरे की प्रोसेसिंग करके नेट उत्सर्जन में लगभग 68 मिलियन टन कार्बन डाइऑक्साइड के बराबर की कमी लाई जा सकती है।
लगभग 16 मंत्रालय और सरकारी निकाय पहले से ही जैविक कचरा प्रबंधन में शामिल हैं; इसे विस्तार देने के लिए सशक्त समन्वय बहुत जरूरी है।
नई दिल्ली, 29 मई 2026: भारत के शहरों में बढ़ती जैविक कचरे की चुनौती को रोजगार, स्वच्छ ऊर्जा, क्लाइमेट एक्शन, म्युनिसिपल फाइनेंस और शहरी बुनियादी ढांचे के एक बड़े अवसर में बदला जा सकता है। यह जानकारी काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वॉटर (सीईईडब्लयू) के एक स्वतंत्र अध्ययन से सामने आई है। इसमें पाया गया है कि अनुकूल नीतियों के जरिए अगर भारत के जैविक कचरे के लिए सर्कुलर इकोनॉमी को अपनाया जाए तो 2047 तक 26 लाख प्रत्यक्ष रोजगार पैदा हो सकते हैं और लगभग 51 अरब डॉलर के बाजार अवसर के रास्ते खुल सकते हैं। जैविक कचरे में रसोई, मंडियों, बागवानी से निकलने वाला कचरा, फल-फूल, सब्जी और मांस के साथ-साथ अन्य सड़ने-गलने वाले (बायोडिग्रेडेबल) कचरा शामिल है।
सीईईडब्ल्यू अध्ययन, ‘ऑर्गेनिक वेस्ट सर्कुलर इकोनॉमी फॉर विकसित भारत: जॉब्स, इन्वेस्टमेंट, एंड एमिशंस पाथवेज टू 2047’ में विभिन्न परिदृश्यों का विश्लेषण (सिनेरियो मॉडलिंग) किया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कचरा संग्रह (वेस्ट कलेक्शन), प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) और उपचार (ट्रीटमेंट) के अलग-अलग स्तर 2047 तक भारत में रोजगार, निवेश, बाजार और उत्सर्जन को कैसे आकार दे सकते हैं।
श्री मनजिंदर सिंह सिरसा, पर्यावरण, वन और वन्यजीव मंत्री, दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सरकार, इस रिपोर्ट को जारी करने के अवसर पर भेजे गए अपने संदेश में कहा, “माननीय प्रधानमंत्री का आत्मनिर्भर भारत और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का दृष्टिकोण, कचरे से संसाधन (वेस्ट-टू-रिसोर्स) बनाने वाली प्रणालियों में मजबूती से व्यक्त होता है। दिल्ली के जैविक कचरे से उत्पादित होने वाला बायो-सीएनजी (bio-CNG) का हर एक किलोग्राम, आयातित जीवाश्म ईंधन (फॉसिल फ्यूल) के एक किलोग्राम के बराबर है, जिसकी हमें ज़रूरत नहीं है। किसी बाजार या आवासीय कॉलोनी में स्थापित प्रत्येक कम्पोस्ट (खाद) यूनिट, शहरी पोषक चक्र (अर्बन न्यूट्रिएंट लूप) को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। मैं इस रिपोर्ट के लिए सीईईडब्ल्यू (CEEW) और सभी सहयोगी भागीदारों को बधाई देता हूं। इस स्तर के साक्ष्यों की – जो कचरे, ऊर्जा, रोज़गार और उत्सर्जन को एक सुसंगत ढांचे में जोड़ते हैं – वास्तव में हमारी नीतिगत चर्चाओं के लिए सबसे बड़ी जरूरत हैं। स्वच्छ हवा के लिए दिल्ली का प्रयास इस बात से अलग नहीं किया जा सकता है कि हम अपने कचरे का प्रबंधन कैसे करते हैं।”
सीईईडब्ल्यू ने भारतीय शहरों से निकलने वाले जैविक कचरे के लिए तीन संभावित रास्तों (पाथवेज) का आकलन किया है: पहला – सामान्य परिदृश्य (बिजनेस-एज-यूजुअल सिनेरियो), दूसरा – त्वरित नीति परिदृश्य (एक्सीलरेटेड पॉलिसी सिनेरियो), और तीसरा – ‘महत्वाकांक्षी हरित संक्रमण परिदृश्य’ (एंबिशियस ग्रीन ट्रांजिशन सिनेरियो)। त्वरित नीति परिदृश्य में, देश 2047 तक नेट उत्सर्जन में लगभग 68 मिलियन टन कार्बन डाइऑक्साइड के बराबर की कमी ला सकता है। इसमें भारत कचरे का शत-प्रतिशत संग्रह हासिल कर लेता है और कंपोस्टिंग (खाद बनाने) व बायोमेथेनेशन के संतुलित मिश्रण के माध्यम से शहरों के 95 प्रतिशत जैविक नगरपालिका कचरे का प्रसंस्करण करने में सक्षम होता है। यह सफलता जैविक कचरे को डंपिंग ग्राउंड (कचरे के ढेरों) तक जाने से रोककर और उससे तैयार उत्पादों जैसे कंपोस्ट, जैविक खाद और बायो-सीएनजी का उपयोग करते हुए हासिल की जा सकती है। इसके विपरीत, अगर हम सामान्य रास्ते (बिजनेस-एज-यूजुअल) चलें तो 2047 तक कचरा क्षेत्र से होने वाला उत्सर्जन बढ़कर लगभग 120 मिलियन टन कार्बन डाइऑक्साइड के बराबर पहुंच सकता है।
श्री पी. सी. मीना, इंजीनियर-इन-चीफ, एमसीडी (MCD), दिल्ली, ने कहा, “दिल्ली नगर निगम अब योजनाबद्ध और संरचनात्मक रूप से विकल्पों को तैयार कर रहा है। दिल्ली के प्रमुख डेयरी क्लस्टरों — नांगली, गोयला, घोगा और भलस्वा में बायोमेथेनेशन प्लांट (जैव-मीथनीकरण संयंत्र) चालू किए जा रहे हैं, जहां हम राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के साथ मिलकर भी काम कर रहे हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के साथ साझेदारी में, हम बायो-सीएनजी (Bio-CNG) बुनियादी ढांचे का विकास कर रहे हैं जो कचरा प्रसंस्करण (वेस्ट प्रोसेसिंग) को शहर के गैस वितरण नेटवर्क के साथ जोड़ता है।”
प्रार्थना बोराह, फेलो, सीईईडब्ल्यू, ने कहा, “कचरा प्रबंधन स्वच्छ हवा से संबंधित बुनियादी ढांचा है। खुले में कचरा जलाना भारतीय शहरों में हानिकारक पीएम2.5 उत्सर्जन में लगभग 10 प्रतिशत का योगदान देता है, जबकि उचित प्रबंधन न होने पर जैविक कचरा मीथेन, दुर्गंध, आग का जोखिम और प्रदूषण बढ़ाता है, जिससे पुनर्चक्रण योग्य (रीसायकल होने लायक) सामग्रियों की रिकवरी वैल्यू घट जाती है। जैसे-जैसे भारतीय शहरों का विस्तार हो रहा है, कचरा प्रबंधन प्रणालियां न केवल मौसमी प्रदूषण के समय, बल्कि पूरे साल हवा की गुणवत्ता और जीवन जीने की सुगमता तय करेंगी। शहरों को कचरे की छंटाई, संग्रह (इकट्ठा करने), प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग), निगरानी और नियमों का कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए साल भर चलने वाली, अति-स्थानीय (हाइपरलोकल) तंत्र की जरूरत है, विशेष रूप से थोक कचरा उत्पादकों, बाजारों, होटलों, रेस्तरां और बड़े आवासीय परिसरों के लिए।”
जैविक कचरा स्वच्छ हवा और संसाधन-रिकवरी का एक बड़ा अवसर देता है
सीईईडब्ल्यू के ये निष्कर्ष ऐसे समय में आए हैं, जब अप्रैल 2026 से लागू हुए भारत के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 (Solid Waste Management Rules, 2026) के तहत कचरे की उसके स्रोत (पैदा होने वाली जगह) पर छंटाई करना और गीले कचरे को नजदीकी केंद्र में कंपोस्टिंग (खाद बनाने) या बायोमेथेनेशन के लिए भेजना अनिवार्य कर दिया गया है।
वर्तमान में, भारतीय शहरों में प्रतिदिन लगभग 1,71,000 टन शहरी ठोस कचरा (Municipal Solid Waste) पैदा होता है, जिसमें से करीब आधा हिस्सा जैविक कचरे होता है। मौजूदा समय में कुल शहरी ठोस कचरे का लगभग 61 प्रतिशत हिस्सा ही उपचारित (ट्रीटमेंट) किया जाता है। वर्ष 2047 तक, केवल शहरी क्षेत्रों से निकलने वाला जैविक कचरा सालाना लगभग 208 मिलियन टन तक पहुंच सकता है। यदि इस कचरे का प्रभावी ढंग से प्रसंस्करण (प्रोसेस) किया जाए, तो इसे खाद, बायोगैस और बायोमीथेन में बदला जा सकता है। इससे पोषक तत्वों को दोबारा निकालने, मीथेन उत्सर्जन को घटाने, रासायनिक उर्वरकों (केमिकल फर्टिलाइजर्स) का विकल्प तैयार करने और भारत के स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन (Clean Energy Transition) को रफ्तार देने में मदद मिलेगी।
निवेश, रोजगार और अंतिम उत्पाद (एंड-प्रोडक्ट) के बाजार शहर के स्तर पर क्रियान्वयन पर निर्भर हैं
सीईईडब्ल्यू के आकलन बताते हैं कि त्वरित नीतिगत परिदृश्य (एक्सेलरेटेड पॉलिसी सिनेरियो) के तहत, भारत को शहरी जैविक कचरा प्रसंस्करण बुनियादी ढांचे को विस्तार देने के लिए 2047 तक लगभग 24 बिलियन अमेरिकी डॉलर के कुल निवेश की जरूरत होगी। यह निवेश कंपोस्ट (खाद), कंप्रेस्ड बायोगैस या बायो-सीएनजी, फरमेंटेड ऑर्गेनिक मैन्योर (किण्वित जैविक खाद), और लिक्विड फरमेंटेड ऑर्गेनिक मैन्योर (तरल किण्वित जैविक खाद) के बाजारों को मजबूत कर सकता है। इसके अलावा, यह फीडस्टॉक (कचरा/कच्चा माल) प्रबंधन, प्लांट संचालन, तकनीकी रखरखाव और संबंधित सेवाओं में प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा कर सकता है।
वर्तमान में, भारत की जैविक कचरा उपचार क्षमता में कंपोस्टिंग (खाद बनाने) की हिस्सेदारी लगभग 96 प्रतिशत है, जबकि बायोमेथेनेशन की हिस्सेदारी 4 प्रतिशत के करीब है।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share