जैन धर्म के नवकार मंत्रों की असीम शक्तियों का किया मोटीवेशनल स्पीकर ने जिक्र:
मेहता ने कहा, किसी भी चक्र का असंतुलन हो तो यह नकारात्मक रिजल्ट लाता है
भक्तामार के 48 श्लोकों का जिक्र करते हुए बताया कि इससे विभिन्न बाधायें दूर होती हैं
चंडीगढ़, 24 जनवरी (साजन शर्मा). जैन इंटरनेशनल ट्रेड आर्गेनाइजेशन (जीतो) के चंडीगढ़ चैप्टर की ओर से शनिवार को टैगोर थियेटर में जैन समाज के लिये एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें नवकार मंत्र की असीम शक्ति को लेकर जानकारी दी गई। दर्शकों से खचाखच भरे थियेटर में अहमदाबाद से आए अमरेश मेहता ने नवकार मंत्रों की पावर बताई जो इंसान के सात चक्रों पर चमत्कारी प्रभाव डालती हैं। उन्होंने मनुष्य के सात चक्रों का जिक्र करते हुए कहा कि हर मनुष्य में रूट (मूलाधार) , सैकरल (स्वधिशथाना), सोलर प्लेक्सेस (मनिपुरा), (हार्ट)अनाहता, थ्रोट (विशुद्धा), आई (अजना), क्राउन (सहस्रा) चक्र होता है। ये सभी चक्र मनुष्य के शरीर पर अलग अलग प्रभाव डालते हैं। इनमें से किसी भी चक्र का असंतुलन हो तो यह नकारात्मक रिजल्ट लाता है। उन्होंने बताया कि जैन धर्म के नवकार मंत्र की इतनी ज्यादा पावर है कि यह जाप करने पर इंसान के विभिन्न चक्रों को भी बदल सकता है। यानि इंसान का संपूर्ण आभामंडल (औरा) इससे बदला जा सकता है। उन्होंने बताया कि नवकार मंत्रों के जरिये इंसान के सात चक्रों में एक संतुलन स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मनुष्य के आभामंडल को मंत्रों की शक्ति से बड़ा किया जा सकता है। मंत्रों का प्रभाव यह होगा कि कोई अपवित्रता इंसान के अंदर नहीं घुसेगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी इंसान का वर्तमान माइंडसेट क्या है और वह किस एनवायरमेंट में रहता है इसे भी जाना जा सकता है। उसके घर में किस तरह की एनर्जी वाइब्रेट कर रही है, इसके जानने की भी विधि है। अगर एक मकान का औरा सही नहीं है तो उसमें एनर्जी सही नहीं होगी। इससे कोई विश फुलफिल नहीं हो सकती। हाउस की एनर्जी सही नहीं होगी तो तनाव होगा, बीमारी होगी, डिप्रेशन होगा, रिलेशनशिप सही नहीं होंगे, बच्चे नहीं सुनेंगे। उन्होंने मकानों की डायरेक्शंस का जिक्र करते हुए बताया कि इसका भी इंसान के जीवन पर असर होता है। इसमें बिना कोई बदलाव किये उपाय संभव है। उन्होंने बताया कि रंगों का भी सकारात्मक और नकारात्मक प्रभाव इंसान पर पड़ता है। सात चक्रों को विकसित करने के लिये नवकार मंत्र जाप के साथ अगर विबग्योर यानि वायलेट, इंडिगो, ब्लू, ग्रीन, येलो, ऑरेंज, रैड रंगों का ध्यान किया जाए तो इससे आभामंडल और चक्रों की ताकत बढ़ेगी। उन्होंने भक्तामार के 48 श्लोकों का जिक्र करते हुए बताया कि इससे विभिन्न बाधायें दूर होती हैं। कार्यक्रम में पंजाब के केबिनेट मिनिस्टर वरिंदर गोयल, एडीशनल सॉलीसिटर जनरल सतपाल जैन, एडवोकेट अजय जैन, हाईकोर्ट के जस्टिस आलोक जैन, ज्वाइंट कमिश्नर जीएसटी गौरव जैन (आईआरएस) सहित जीतो नार्थ जोन के चेयरमैन रमन जैन, नार्थ दिल्ली के चेयरमैन मनीष जैन, ज्वाइंट सेक्रेटरी अर्पित जैन, नार्थ जोन एडवाइजर राजीव जैन, चेयरमैन लुधियाना चैप्टर सुधीर जैन, चेयरमैन चंडीगढ़ लोकेश जैन, वाइस चेयरमैन धर्मबहादुर जैन, महावीर जैन, चीफ सेक्रेट्री सुनिल जैन, कोषाध्यक्ष सुधीर जैन, लेडिज विंग की चेयरपर्सन आशिमा जैन, सेक्रेट्री विभा जैन और यूथ विंग के अक्षित जैन समेत जैन समुदाय के एक हजार से ज्यादा लोग मौजूद रहे।
बॉक्स
जैन समाज के लिये उल्लेखनीय काम कर रही जीतो
जैन इंटरनेशनल ट्रेड आर्गेनाइजेशन यानि जीतो (जेआईटीओ) के नार्थ जोन के चेयरमैन रमन जैन ने बताया कि जीतो संपूर्ण जैन समाज की एक विश्वस्तरीय संस्था है। यह संस्था जैन समुदाय के आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए सतत रूप से कार्य कर रही है। जीतो में जैन समुदाय का कोई विशेष वर्ग न होकर, तमाम जैन समुदाय सम्मिलित है जोकि जैन समुदाय के उत्थान के लिए लगातार प्रयासरत है। जीतो भारत में अपने विशाल 74 चैप्टर्स के नेटवर्क एवं विश्व के अन्य 26 देशों में 33 चैप्टर्स और 50 हजार से भी ज्यादा सदस्यों के सहयोग से कार्यरत है। नार्थ जोन में जीतो के फिलहाल 8 चैप्टर्स हैं। जल्द ही आगरा में 9वां, मेरठ में 10वां और लखनऊ में 11वां चैप्टर खुलने जा रहा है। संस्था अपने विभिन्न प्रोजेक्ट्स के जरिये समाज के हर व्यक्ति तक लाभ पहुंचा रही है। रमन जैन ने बताया कि जीतो का वृहद उद्देश्य है लर्न, अर्न और रिटर्न। यानि पहले सीखो, फिर कमाओ और इसके बाद इसे समाज को वापिस दो। उन्होंने बताया कि जीतो का मुंबई में बड़ा कार्यालय है और इसका 1200 करोड़ का एक बड़ा कार्पस है। जीतो के कई वर्टिकल्स है जिसमें शरमन आरोग्यम, जीतो एडमिनिस्ट्रेटिव ट्रेडिंग फाउंडेशन, जीतो एजूकेशन एसिस्टेंस प्रोग्राम, जीतो मेट्रीमोनी, जीतो जॉब्स, जीतो माइनोरिटी, जीतो इनोवेशन एंड इंक्यूबेशन फाउंडेशन, जीतो बिजनेस नेटवर्क बारे बताया कि कैसे जैन समाज के लोगों को ये आगे बढ़ा रही हैं।