चंडीगढ़ से सांसद श्री मनीष तिवारी ने लोकसभा में चंडीगढ़ के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों की दुर्दशा का मामला जोरशोर से उठाया। उन्होंने केंद्र सरकार से जवाब मांगा कि आखिर 2016 के बाद पेंशन राशि में कोई बढ़ोतरी क्यों नहीं की गई, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है और पड़ोसी राज्यों में पेंशन दरें कहीं अधिक हैं।
लोकसभा में जवाब देते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा ने स्वीकार किया कि 2016 के बाद चंडीगढ़ में वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन की राशि में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि केंद्र सरकार फिलहाल पेंशन बढ़ाने के मूड में नहीं है। वर्तमान में चंडीगढ़ में 18,648 वृद्धजन, 11,836 विधवा महिलाएं और 5,992 दिव्यांगजन न्यूनतम पेंशन पर निर्भर हैं, जो उनके सम्मानजनक जीवनयापन के लिए नाकाफी है।
चंडीगढ़ प्रशासन ने प्रस्ताव ही नहीं भेजा!
मंत्री बी. एल. वर्मा ने बताया कि चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से पेंशन राशि बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को कोई प्रस्ताव ही नहीं भेजा गया। इससे यह साफ हो गया कि प्रशासन ने जनता को गुमराह किया, क्योंकि खुद प्रशासन ने दावा किया था कि पेंशन बढ़ाने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया है।
कांग्रेस का तीखा हमला
चंडीगढ़ “प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच. एस. लक्की* ने केंद्र सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा,
“यह बेहद शर्मनाक है कि केंद्र सरकार पिछले 9 वर्षों से पेंशनधारकों की उपेक्षा कर रही है। चंडीगढ़ प्रशासन ने जनता से झूठ बोला कि पेंशन बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया है, जबकि हकीकत में ऐसा कोई प्रस्ताव गया ही नहीं।मोदी सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों का कर्ज माफ करने में व्यस्त है, जबकि गरीब और असहाय नागरिकों की सुध लेने का उसके पास समय नहीं है।
चंडीगढ़ कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुरजीत ढिल्लो ने केंद्र सरकार और प्रशासन दोनों को घेरते हुए कहा
“जब हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में पेंशन राशि ₹2500-₹3000 तक बढ़ाई जा सकती है, तो चंडीगढ़ में क्यों नहीं? क्या केंद्र सरकार चंडीगढ़ के गरीब नागरिकों को दोयम दर्जे का मानती है? प्रशासन भी केवल झूठे दावे कर जनता को भ्रमित कर रहा है”। अगर जल्द पेंशन बढ़ाने पर फैसला नहीं हुआ तो *कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी।”
मनीमाजरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव गाबा ने कहा,
“2016 के बाद से पेंशन में एक पैसा भी नहीं बढ़ाया गया, जबकि महंगाई तीन गुना बढ़ चुकी है। यह गरीबों के साथ अन्याय है।”
कांग्रेस की मांग: तुरंत बढ़ाई जाए पेंशन राशि
चंडीगढ़ कांग्रेस ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी है कि अगर पेंशनधारकों के साथ ऐसा अन्याय जारी रहा तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। पार्टी की मांग है कि चंडीगढ़ में पेंशन राशि को तुरंत बढ़ाकर कम से कम ₹3000 किया जाए, ताकि गरीब और जरूरतमंद नागरिकों को आर्थिक राहत मिल सके।