पूर्व विधायक जगजीत सिंह सांगवान हरियाणा में राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त

  • जयंत चौधरी पूरे दमखम के साथ पार्टी के विस्तार में जुटे : हरियाणा के बाद पंजाब में भी जल्द होगी अध्यक्ष की घोषणा

चण्डीगढ़ : राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) ने पंजाब व हरियाणा के आने वाले चुनाव लड़ने की घोषणा की है तथा इसके लिए पार्टी ने अभी से तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। ये खुलासा आज पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने आज चण्डीगढ़ प्रेस क्लब में पत्रकारों को संबोधित करते हुए किया।
इसी सिलसिले में उन्होंने हरियाणा के चरखी दादरी से पूर्व विधायक जगजीत सिंह सांगवान को आरएलडी की हरियाणा इकाई का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की ओर से उन्हें नियुक्ति पत्र भी सौंपा।
इस अवसर पर जगजीत सिंह सांगवान के अलावा आरएलडी के महासचिव व बिजनौर (यूपी) से लोकसभा सांसद चंदन चौहान, उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री (विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी) अनिल कुमार आदि भी मौजूद थे।
त्रिलोक त्यागी ने कहा कि जयंत चौधरी के नेतृत्व में पूरे देश में आरएलडी की प्रदेश इकाइयों का गठन किया जा रहा है। अब तक उत्तर प्रदेश, राज्यस्थान, दिल्ली, जम्मू कश्मीर, झारखंड, केरल व तेलंगाना में पार्टी की इकाइयों का गठन किया जा चुका है।
उन्होंने ये भी बताया कि हरियाणा के बाद अब 4 मई को पंजाब के लुधियाना में पार्टी की बैठक होने जा रही है जिसमें प्रदेश के अनेक नेता आरएलडी में शामिल होंगे व तत्पश्चात जल्द ही पंजाब प्रदेश कार्यकारिणी का भी गठन किया जाएगा।
त्यागी ने बताया कि उनकी पार्टी एनडीए का हिस्सा है, लेकिन साथ ही पार्टी देश में पार्टी के संस्थापक एवं किसान नेता चौधरी चरण सिंह की नीतियों व विचारधारा को आगे बढ़ाने के काम में भी पूरी निष्ठा के साथ जुटी हुई है।
नवनियुक्त अध्यक्ष जगजीत सिंह सांगवान ने बताया कि अगले एक माह में पार्टी की हरियाणा राज्य कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा एवं तीन महीनों के अंदर जिला स्तर पर भी अध्यक्षों से लेकर निचले पायदान तक नियुक्तियां कर दी जाएंगी।
त्रिलोक त्यागी ने कहा कि पूरी इकाई का गठन होने तुरंत बाद जयंत चौधरी के हरियाणा में बड़े कार्यक्रम व रैलियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने दावा किया कि चौधरी चरण सिंह के समय में हरियाणा प्रदेश में जैसा लोकदल था, वैसा ही लोकदल फिर से खड़ा करेंगे।
उनके मुताबिक प्रदेश की विभिन्न पार्टियों के अनेक नेता व गणमान्य प्रतिष्ठित लोग उनके संपर्क में हैं।
त्रिलोक त्यागी ने कहा कि पंजाब हरियाणा के चुनावों में आरएलडी अगले चुनावों में पोर दमखम व ताकत के साथ
मैदान में उतरेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा किसानों की मांगों का मजबूती के साथ समर्थन किया है व किसानों के साथ डट कर खड़े हैं। इसके अलावा वे राजनीतिज्ञ हैं तथा जन सेवा के लिए राजनीति के क्षेत्र में सक्रिय हैं।

उल्लेखनीय है कि जगजीत सांगवान हरियाणा की दादरी विधानसभा सीट से वर्ष 2000 में एनसीपी के विधायक रह चुके हैं। वे एनसीपी की हरियाणा इकाई के चार वर्ष तक प्रदेश अध्यक्ष व भिवानी जिला कांग्रेस के 11 वर्ष तक अध्यक्ष रह चुके हैं। नैशनल लेबर कोऑपरेटिव ऑफ इंडिया के चेयरमैन, इफ़को, कृभको, एनसीयूआई, नैफेड के निदेशक एवं हैफेड का वाइस चेयरमैन रहने के अलावा उनको सहकारिता क्षेत्र में देश और प्रदेश में कई दायित्वों को निर्वहन करने का अवसर मिला है। सांगवान वर्ष 1977-79 में दादरी कालेज स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share