पोणाहारी के भजनों में डूबे श्रद्धालु, सोनू सैनी की प्रस्तुति ने बांधा समां

 

“असीं तेरे नाल लाइयां यारियां” से लेकर “सानूं तेरे मिलन दा चा जोगिया” तक, बाबा के जयकारों से गूंज उठा मंदिर परिसर

चंडीगढ़, 6 जून 2026। सेक्टर-29 स्थित श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में चल रहे 52वें वार्षिक मूर्ति स्थापना उत्सव के अंतर्गत भजन संध्या श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम बन गई। प्रसिद्ध भजन गायक सोनू सैनी ने अपनी मधुर और भावपूर्ण प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को देर रात तक बाबा बालक नाथ की भक्ति में सराबोर रखा।

भजन संध्या की शुरुआत बाबा के गुणगान से हुई और जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा, श्रद्धालु भक्ति रस में डूबते चले गए। सोनू सैनी ने अपने लोकप्रिय भजनों “लोका नूं मान पावरा दा, साड़ी पावर धूणे वाला”, “असीं तेरे नाल लाइयां यारियां”, “असीं पक्के मुलाजम जोगी दे, साड़ी हर गल सुनदा जोगी ही” तथा “ओखेयां नूं सौखे करदा, उनूं सिंघियां वाला कहंदे” जैसे भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

जब उन्होंने “झोली वाला कमाल करी जांदा” और “तेरियां कमियां रंग लाइयां पोणाहारिया, तां ही तां चंगे दिन आए पोणाहारिया” प्रस्तुत किया, तो श्रद्धालु भाव-विभोर होकर बाबा के जयकारे लगाने लगे। वहीं “गल्लां तेरे नाल करनियां पोणाहारिया” और “सानूं तेरे मिलन दा चा जोगिया” जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं के हृदय में बाबा के प्रति प्रेम और समर्पण की भावना को और प्रगाढ़ कर दिया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान ” पोणाहारी ” के उद्घोष से गूंजता रहा। श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते नजर आए और बाबा के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करते रहे। भजन संध्या ने न केवल भक्तों को आध्यात्मिक आनंद प्रदान किया बल्कि बाबा बालक नाथ के प्रति उनकी आस्था को भी और मजबूत किया।

भक्ति और संगीत के इस पावन संगम के साथ-साथ आयोजन में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और सेवा भाव से भंडारे में भाग लिया। इस अवसर पर विभिन्न भक्तों और सेवादारों द्वारा गरमा-गरम पकोड़े, ताज़ी जलेबियां, आइसक्रीम तथा अन्य स्वादिष्ट व्यंजन श्रद्धापूर्वक आम जनमानस में वितरित ।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share