अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें घटने के बावजूद जनता को राहत नहीं दे रही मोदी सरकार : एच.एस. लक्की

पेट्रोल-डीजल, घरेलू एवं कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ी हुई कीमतें तुरंत वापस ली जाएं, अन्यथा कांग्रेस करेगी आंदोलन
चंडीगढ़, 16 जून।
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने केंद्र सरकार से मांग की है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट का लाभ तुरंत देश की जनता तक पहुंचाया जाए तथा पेट्रोल, डीजल, घरेलू एलपीजी और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल प्रभाव से कम किया जाए।
एच.एस. लक्की ने कहा कि हाल ही में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में सुधार और अमेरिका तथा ईरान के बीच सकारात्मक समझौते की दिशा में बढ़ रही प्रक्रिया के कारण वैश्विक तेल बाजार में स्थिरता आई है। इसके परिणामस्वरूप कच्चे तेल की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। जो कीमतें कुछ समय पहले लगभग 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थीं, वे अब लगभग 80 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गई हैं।
लक्की ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में वृद्धि हुई थी, तब केंद्र सरकार और तेल कंपनियों ने तत्काल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर उसका पूरा बोझ आम जनता पर डाल दिया था। लेकिन अब जब कच्चा तेल सस्ता हो रहा है तो सरकार और तेल कंपनियां जनता को राहत देने के बजाय मुनाफाखोरी में लगी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि देश का आम नागरिक पहले से ही महंगाई की मार झेल रहा है। खाद्य पदार्थों, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन की लागत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की ऊंची कीमतें आम परिवारों के बजट को और अधिक प्रभावित कर रही हैं। केंद्र सरकार का दायित्व है कि वह जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए तत्काल कीमतों में कटौती करे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि तेल विपणन कंपनियों ने पिछले वर्षों में भारी मुनाफा कमाया है। इसलिए अब यह तर्क नहीं दिया जा सकता कि कीमतें कम करने की कोई गुंजाइश नहीं है। जिस तेजी से कीमतें बढ़ाई गई थीं, उसी तत्परता के साथ अब उन्हें कम भी किया जाना चाहिए।
एच.एस. लक्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को जवाबदेह बनाने का काम करती रहेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द ही पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडरों की कीमतों में राहत नहीं दी तो कांग्रेस पार्टी देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी और जनता की आवाज को बुलंद करेगी।
“मोदी सरकार को अब मुनाफाखोरी छोड़कर जनता को राहत देने का काम करना चाहिए। देश के करोड़ों लोग सरकार की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं। यह समय जनता को राहत देने का है, न कि उस पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ डालने का।”

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share