निगम पर बीजेपी के लंबे एकाधिकार ने पेयजल को असुरक्षित बना दिया है: कांग्रेस

 

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता राजीव शर्मा ने आज कहा कि 2016 से चंडीगढ़ नगर निगम पर बीजेपी के लंबे और लगभग बिना रुकावट वाला एकाधिकार के कारण इसने शहर की सबसे बुनियादी नागरिक सेवा, सुरक्षित पीने का पानी को सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए खतरा बना दिया है।

उन्होंने कहा कि यह दुख की बात है कि बार-बार दी गई चेतावनियों के बावजूद बीजेपी के मेयरों और पार्षदों ने निवासियों के स्वास्थ्य के प्रति पूरी उदासीनता दिखाई है और सभी चेतावनियों को अनसुना कर दिया है।

शर्मा ने बताया कि मार्च 2026 में चंडीगढ़ सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में जब दूषित पीने के पानी का मुद्दा उठाया था, तो केंद्र सरकार ने स्वीकार किया कि मौली जागरा, दड़ुआ और हल्लो माजरा सहित कई इलाकों से शिकायतें आई हैं। सरकार ने यह भी कहा था कि सीवर लाइनों के समानांतर चल रही पानी की पाईपों के पुराने पड़ जाने से पेयजल प्रदूषित हो सकता है।

शर्मा ने आगे कहा कि जून 2026 में एक औपचारिक शिकायत दर्ज की गई जिसमें बताया गया कि शहर भर के लगभग 125 पानी के बूस्टर, अंडरग्राउंड जलाशय और स्टोरेज टैंक चार साल से साफ, जांचे या मेंटेन नहीं किए गए, जो कि छह-मास में एक बार करना अनिवार्य है। यह स्थापित मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि इसके बाद एक ऐजेन्सी द्वारा किए गए सर्वेक्षण में पीजीआई, सेक्टर 12, सेक्टर 37 और मौली जागरा में काला, ठहरा हुआ पानी और जंग लगे, टूटे हुए ढक्कन मिले।

उन्होंने कहा कि यह भाजपानीत निगम की जनविरोधी सोच का ही एक उदाहरण है कि इन शिकायतों के महीनों बाद भी इन 125 जगहों की कोई व्यापक सफाई या वैज्ञानिक सैनिटाइजेशन नहीं की गई है, और निवासी हर दिन अपने घरों में बदबूदार, मिट्टी मिला और सीवर मिला पानी पी रहे हैं।

शर्मा ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए आगे कहा कि चण्डीगढ में पेयजल की गिरती हुई गुणवत्ता भाजपा के मेयरों और पार्षदों के अधीन लगातार हो रही लापरवाही, भ्रष्टाचार और जनहित के कामों को दरकिनार करने की भाजपाई संस्कृति का सीधा नतीजा है।

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ कांग्रेस मांग करती है कि सभी 125 जलाशयों और बूस्टरों की तुरंत वैज्ञानिक सफाई हो, पानी की गुणवत्ता की स्वतंत्र प्रयोगशाला जांच हो और उसके परिणाम सार्वजनिक किए जाएं, तथा सबसे कमजोर पाइपलाइनों का समयबद्ध योजना के तहत बदला जाए।

अंत में कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि चंडीगढ़ के लोग बीजेपी के कुशासन में दूषित पानी की आपूर्ति को अब और बर्दाश्त नहीं करेंगे।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share