नेशनल हेराल्ड घोटाले में कांग्रेस पर भाजपा का हमला, कल होगा कांग्रेस भवन का घेराव

चंडीगढ़, 17 अप्रैल 2025: भारतीय जनता पार्टी (BJP) चंडीगढ़ के नेताओं ने आज एक प्रेस वार्ता में नेशनल हेराल्ड घोटाले पर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय टंडन, महापौर हरप्रीत कौर बबला और प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को निजी संपत्ति में बदल दिया है। भाजपा ने यह भी घोषणा की कि कल दोपहर 3 बजे भारतीय जनता युवा मोर्चा कांग्रेस भवन का घेराव करेगा।

नेशनल हेराल्ड घोटाले को लेकर भाजपा नेताओं ने कहा कि यह घोटाला कांग्रेस पार्टी द्वारा हजारों करोड़ की संपत्ति हड़पने की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि 1937 में स्थापित यह अखबार कभी भी नेहरू परिवार की निजी संपत्ति नहीं था, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों की आवाज था। हालांकि, 2008 में जब इसका प्रकाशन बंद हुआ, तो कांग्रेस ने ₹90 करोड़ की राशि मुहैया कराई, जो पार्टी फंड से दी गई थी।

भाजपा नेताओं का कहना था कि कांग्रेस ने ‘यंग इंडियन’ नामक एक कंपनी बनाई, जिसमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी की 38-38% हिस्सेदारी थी। इस कंपनी को महज ₹50 लाख में ₹90 करोड़ का लोन ट्रांसफर कर दिया गया और इसके बाद नेशनल हेराल्ड की संपत्ति गांधी परिवार के कब्जे में आ गई। इस संपत्ति में दिल्ली की प्राइम लोकेशन सहित लखनऊ, मुंबई, भोपाल और पटना में मौजूद हजारों करोड़ की संपत्तियाँ शामिल हैं।

भाजपा नेताओं ने सवाल किया कि कांग्रेस ने ‘यंग इंडियन’ को चैरिटेबल संस्था बताया था, लेकिन आज तक इसके किसी भी चैरिटेबल कार्य का कोई प्रमाण नहीं दिया गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस मामले की जांच की है और कई वरिष्ठ नेताओं से पूछताछ की है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी वर्तमान में जमानत पर हैं और सुप्रीम कोर्ट में कोई राहत नहीं मिली है।

प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस द्वारा किए गए इस घोटाले के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने 18 अप्रैल को कांग्रेस भवन का घेराव करने का निर्णय लिया है। उनका कहना था, “यह समय है जब गांधी परिवार को कानून के कटघरे में खड़ा किया जाए और देश की जनता को सच्चाई बताई जाए।”

भाजपा ने यह भी कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रवर्तन निदेशालय को धमकाने वाली भाषा न्यायिक प्रक्रिया का अपमान है और पार्टी इसकी कड़ी निंदा करती है।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share