चंडीगढ़ के सुरेंद्र वर्मा बने डब्ल्यूजेआई के राष्ट्रीय सलाहकार, नेशनल मीडिया रजिस्टर का भव्य शुभारंभ

 

चंडीगढ़, 31 अगस्त:
वर्किंग जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया (डब्ल्यूजेआई) ने राष्ट्रीय मीडिया रजिस्टर का भव्य शुभारंभ किया। इस आयोजन की अध्यक्षता डब्ल्यूजेआई के राष्ट्रीय महासचिव नरेंद्र भंडारी ने की। मंच पर उपाध्यक्ष संजय उपाध्याय, वरिष्ठ पत्रकार सी.एम. पपनै, सुरेंद्र वर्मा, मनोज मिश्रा, परमानंद पांडेय, ज्ञानेन्द्र और पार्थसारथि थपलियाल उपस्थित रहे।

इस अवसर पर चंडीगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र वर्मा को डब्ल्यूजेआई का राष्ट्रीय सलाहकार नियुक्त किया गया। वर्मा मिरर 365 और चंडीगढ़ टुडे ऑर्गेनाइजेशन वेब पोर्टल एवं यूट्यूब के चेयरमैन हैं और पिछले 30 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हैं।

सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि नेशनल मीडिया रजिस्टर भारतीय पत्रकारिता को एक नई पहचान और एक साझा मंच देगा। इससे पत्रकारों की जानकारी एक स्थान पर उपलब्ध होगी और संवाद एवं सहयोग को नई दिशा मिलेगी।

समारोह में डब्ल्यूजेआई दिल्ली इकाई की नई टीम की घोषणा भी की गई। मार्गदर्शक मंडल में वरिष्ठ पत्रकार आलोक गौड़, वरुणेंद्र कथूरिया, राष्ट्रीय सलाहकार सुरेंद्र वर्मा और महाराष्ट्र सलाहकार देवेंद्र पंवार का परिचय कराया गया।

नेशनल मीडिया रजिस्टर का डिजिटल लोकार्पण करते हुए राष्ट्रीय महासचिव नरेंद्र भंडारी ने बताया कि यह रजिस्टर देशभर के पत्रकारों के नाम, पते और कार्य संबंधी समस्त जानकारी उपलब्ध कराएगा। 30 अगस्त से पत्रकार अपनी जानकारियां इस पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे। इस परियोजना की तकनीकी टीम के प्रमुख तीर्थंकर सरकार को मंच पर सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ पत्रकार परमानंद पांडेय ने कहा कि डिजिटल मीडिया ने पत्रकारिता की दिशा बदल दी है और आने वाले समय में इसका स्वरूप पूरी तरह परिवर्तित होगा।

दूसरे सत्र में “राष्ट्रीय विकास में मीडिया की भूमिका” विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें देशभर से आए पत्रकारों ने अपने विचार साझा किए।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share