- स्वयं को ठगा महसूस कर रहे चंडीगढ़ के मतदाता : देवशाली
- तिवारी ने शुरू कर दी है नए लोकसभा क्षेत्र की तलाश : देवशाली
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शक्ति प्रकाश देवशाली ने सांसद मनीष तिवारी द्वारा संसद में पूछे जा रहे प्रश्नों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा की मनीष तिवारी केवल प्रश्नवीर साबित हो रहे हैं और शहर या शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिखाई दे रहे।
देवशाली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी से जो भी शहर का प्रतिनिधि निर्वाचित होकर ‘लोकतंत्र के मंदिर’ भारतीय संसद में पहुंचा, उसने गम्भीरतापूर्वक शहर की समस्याओं के समाधान हेतु नीति-निर्धारित करवाने का प्रयास किया। लेकिन वर्तमान सांसद मनीष तिवारी शहरवासियों की समस्याओं का समाधान करवाने के लिए ईमानदारी से प्रयास करने की बजाय संसद में केवल सवाल उठा कर या प्रश्नचिह्न लगाकर अपने दायित्वों से भागते हुए प्रतीत हो रहे हैं।
देवशाली ने कहा, ऐसा लगता है कि मनीष तिवारी ने अपनी आदत के अनुसार अगले लोकसभा चुनाव के लिए नया लोकसभा क्षेत्र ढूंढना प्रारंभ कर दिया है। उनके पिछले दो संसदीय क्षेत्रों की भांति चंडीगढ़ के निवासी भी मनीष तिवारी के कार्यकाल में विकास और अपनी समस्याओं के समाधान हेतु तरसते रहेंगे।
मनीष तिवारी के प्रश्नवीर साबित होने और समस्याओं का समाधान करवाने में असमर्थ होने से चंडीगढ़ के मतदाता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।