# सेक्टर-42 कम्युनिटी सेंटर में पुलिस और वार्डवासियों की बैठक, नशे एवं अपराध पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

*SHO चिरंजी लाल मौदगिल ने दुकानदारों एवं स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनीं, शाम के समय पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए*

आज सेक्टर-42 के कम्युनिटी सेंटर में थाना प्रभारी (SHO) चिरंजी लाल मौदगिल ने अपनी पुलिस टीम के साथ वार्ड नंबर 24 के निवासियों एवं दुकानदारों के साथ एक विशेष बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, नशे की समस्या पर अंकुश लगाना तथा पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना था।

इस अवसर पर RWA सेक्टर 42-C के प्रधान भरत भूषण डाबर ने SHO साहब का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र में बीट बॉक्स स्थापित करवाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय कदम उठाया है।

वहीं, सेक्टर 42-C मार्केट के प्रधान अजय अरोड़ा ने बताया कि क्षेत्र में अपराध की घटनाओं में कमी आई है, लेकिन कुछ लोग अभी भी शाम के समय अपनी गाड़ियों में बैठकर नशा करते हैं और शराब पीते हैं।

इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए SHO चिरंजी लाल मौदगिल ने तुरंत बीट इंचार्ज को शाम के समय नियमित पेट्रोलिंग और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने एवं शराब पीने वालों के खिलाफ नियमानुसार DDR दर्ज करने और चालान सहित उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस मौके पर *वार्ड नंबर 24 के पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर एवं एरिया पार्षद जसबीर सिंह बंटी* ने SHO साहब का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि यह बेहद सराहनीय बात है कि पिछले एक सप्ताह में SHO साहब ने वार्ड में तीन से चार बैठकें आयोजित कर लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया है। पिछले सप्ताह सेक्टर 42-C मार्केट में, कल सेक्टर 36 मार्केट में और आज सेक्टर 42 कम्युनिटी सेंटर में बैठक करके उन्होंने लोगों के बीच विश्वास और अपनापन पैदा किया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस का इस तरह जनता के बीच पहुंचना और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनना एक सकारात्मक पहल है। आज वार्ड के लोगों में यह विश्वास पैदा हुआ है कि हमारा वार्ड चंडीगढ़ का सबसे पहले नशामुक्त वार्ड बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने भी बताया कि उनका वार्ड लगभग 80 से 90 प्रतिशत तक नशामुक्त हो चुका है।

जसबीर सिंह बंटी ने बीट इंचार्ज नरेंद्र कुमार एवं बीट टीम एवं समावेश के सदस्य संदीप और विकास की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस तरह पुलिसकर्मी लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं और लोगों के संपर्क में रहकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं, वह प्रशंसनीय है।

उन्होंने SHO साहब से आग्रह किया कि इसी तरह समय-समय पर लोगों के बीच बैठकें आयोजित करते रहें, उनकी समस्याएं सुनें और उन्हें यह भरोसा दिलाते रहें कि पुलिस हर कदम पर उनकी सुरक्षा के लिए उनके साथ खड़ी है।

बैठक के अंत में सभी स्थानीय निवासियों एवं दुकानदारों ने SHO चिरंजी लाल मौदगिल ने और उनकी पूरी पुलिस टीम का धन्यवाद किया तथा वार्ड को पूरी तरह नशामुक्त और सुरक्षित बनाने में पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share