पंचकूला : 16 सितम्बर
इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं पंचकूला शहरी जिलाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने हरियाणा सरकार के ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत सरकारी विभागों को दीप प्रज्ज्वलन कराने और इसका खर्च विभागीय फंड से करने के निर्देशों पर सवाल उठाए हैं।
मनोज अग्रवाल ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुरू किए गए अभियान के रूप में सामने आया है। ऐसे में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि जब यह भाजपा का राजनीतिक अभियान है तो इसमें प्रदेश सरकार के विभाग और सरकारी धन क्यों इस्तेमाल किया जा रहा है ?
उन्होंने कहा कि पंचकूला के अतिरिक्त उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी, सेवा संकल्प अभियान द्वारा जारी पत्र में सभी विभागाध्यक्षों को 17 सितंबर को अपने कार्यालयों तथा अधीनस्थ सरकारी इमारतों में दीप प्रज्ज्वलन कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही दीप प्रज्ज्वलन की फोटो और वीडियो #आशीर्वाद का दिया हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर साझा करने को कहा गया है। पत्र में कार्यक्रम की व्यवस्था विभागीय फंड से अपने स्तर पर करने का भी उल्लेख है।
अग्रवाल ने कहा कि पंचकूला की तरह प्रदेश के सभी जिलों के अतिरिक्त उपायुक्तों ने अपने जिलों में भी ऐसे निर्देश जारी किए गए हैं, इसलिए सरकार को जनता के सामने पूरा हिसाब रखना चाहिए कि इस अभियान पर सरकारी विभागों द्वारा कितनी राशि खर्च की जा रही है और किस बजट प्रावधान के तहत खर्च की जा रही है।
उन्होंने कहा, “भाजपा अपना राजनीतिक अभियान चलाए, लेकिन उसका खर्च पार्टी अपने स्तर पर करे। सरकारी विभागों का बजट जनता की सुविधाओं, विकास कार्यों और जनहित के लिए है। उसे किसी राजनीतिक अभियान के प्रचार-प्रसार में लगाने का औचित्य सरकार को स्पष्ट करना चाहिए।”
मनोज अग्रवाल ने सरकार से मांग की कि सेवा संकल्प अभियान के लिए जारी सभी निर्देशों, वित्तीय स्वीकृति, बजट प्रावधान और अब तक हुए खर्च का ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि सरकारी खजाने से दीये किस उद्देश्य से जलाए जा रहे हैं और इसका भुगतान किस मद से किया जाएगा।
भाजपा का 17 सितम्बर से सेवा संकल्प अभियान, सरकारी विभागों का खर्च ? ‘सेवा संकल्प’ पर मनोज अग्रवाल ने मांगा जवाब
