मोदी सरकार की महंगाई की मार से महिलाएं, युवा, नौकरीपेशा वर्ग और छात्र सबसे ज्यादा परेशान — एच.एस. लक्की

बढ़ती महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का सेक्टर-38 मार्केट में जोरदार प्रदर्शन

चंडीगढ़,
चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा आज पेट्रोल, डीजल और कमर्शियल गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ सेक्टर-38 मार्केट में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की तथा चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्षा नंदिता हुड्डा ने किया। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सैल्वी सेठी द्वारा किया गया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडे, बैनर और तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता का जीवन बेहद कठिन बना दिया है और हर वर्ग आर्थिक दबाव में जीने को मजबूर है।
सभा को संबोधित करते हुए एच.एस. लक्की ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है, लेकिन महंगाई के मुद्दे पर उसकी विफलता सबसे बड़ी है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में यदि कोई वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हुआ है तो वह महिलाएं, युवा, नौकरीपेशा लोग और छात्र हैं, जिन्हें रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है।
लक्की ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। आज सड़क किनारे मिलने वाली चाय से लेकर ढाबों, रेस्तरां और रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों तक हर चीज महंगी हो चुकी है, जिसका सीधा असर आम परिवारों के बजट पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम थीं, तब केंद्र सरकार ने जनता को कोई राहत नहीं दी, लेकिन जैसे ही वैश्विक संकट आया, पूरा आर्थिक बोझ आम जनता पर डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि देश की जनता हमेशा अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती है, लेकिन सरकार का भी दायित्व है कि अच्छे समय में जनता को राहत दे। दुर्भाग्य से केंद्र सरकार इस जिम्मेदारी में पूरी तरह विफल रही है।
एच.एस. लक्की ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ देश की जनता को विदेश यात्राएं कम करने और पेट्रोल-डीजल की बचत करने की नसीहत दी जाती है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री स्वयं विदेश दौरों और बड़े-बड़े रोड शो में सरकारी संसाधनों का खुलकर उपयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि देश को उपदेश देने से पहले सरकार को खुद उन बातों पर अमल करना चाहिए।
लक्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता विरोधी नीतियों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ अपना संघर्ष लगातार जारी रखेगी तथा आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाती रहेगी।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस की अध्यक्षा नंदिता हुड्डा ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर देश की महिलाओं पर पड़ रहा है। एक गृहिणी पूरे परिवार की रसोई और घरेलू खर्च संभालती है, लेकिन आज हालात ऐसे हो गए हैं कि मध्यमवर्गीय और सामान्य परिवारों के लिए घर चलाना बेहद मुश्किल हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में महिलाओं को राहत देने के बजाय केवल महंगाई का बोझ दिया है। उन्होंने आशंका जताई कि जिस प्रकार पेट्रोल, डीजल और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं, उसी तरह घरेलू रसोई गैस की कीमतों में भी जल्द बढ़ोतरी की जा सकती है।
नंदिता हुड्डा ने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर हर खाद्य वस्तु और रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ता है, क्योंकि परिवहन महंगा होने से हर सामान की कीमत बढ़ जाती है और इसका सीधा बोझ आम आदमी की जेब पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और महिला कांग्रेस जनता को राहत मिलने तक सड़कों पर संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर प्रवीण शर्मा, टीटू, विक्टर सिद्धू, गुरचरण , प्रिंस महिला कांग्रेस की नेत्रियां रितु छाबड़ा, कुलजीत कौर सोनिया, सुमन लता, ममता डोगरा, राणो देवी, ममता राणा, रजनी तलवार, ललिता, बबीता, मधु गुप्ता, राजरानी, ओम लता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।
जारीकर्ता:

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share