अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कांग्रेस ने रामदरबार में महिलाओं को किया सम्मानित, महिलाओं के अधिकारों पर भाजपा सरकार को घेरा

Chandigarh

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा रामदरबार कॉलोनी में महिलाओं के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करना और महिलाओं की भागीदारी, नेतृत्व क्षमता तथा उनके अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाना था।
इस कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गुरचरण सिंह, प्रदेश सचिव बरिंदर राय तथा अन्य कांग्रेस नेताओं के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लकी ने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई महिलाओं को कांग्रेस पार्टी की ओर से सम्मानित किया। इस अवसर पर बोलते हुए लकी ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, मेहनत और नेतृत्व क्षमता से समाज और देश को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल नारों से नहीं बल्कि ठोस नीतियों और अवसरों से होता है।
लकी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार “नारी शक्ति” की बातें करती है, लेकिन दूसरी ओर महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी और सामाजिक असुरक्षा का सबसे अधिक असर महिलाओं पर ही पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं के अधिकारों, समान अवसरों और उनके सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
लकी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं बल्कि महिलाओं के संघर्ष, उनके योगदान और समाज में उनकी बराबरी की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का अवसर है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं। “कार्यक्रम में मुख्य रूप से सोनिया जैसवाल, माया, सुमन, संतोष, कांता देवी, बबीता, राजनी , सुषमा, कीर्ति, मिनु चौधरी, दीपा राजपूत, आशा, आदि उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share