JITO चंडीगढ़ चैप्टर द्वारा “जीवन साथी की खोज” मॅट्रिमोनी मीट का सफल आयोजन

चंडीगढ़, 15 फरवरी 2026:
जितो चंडीगढ़ चैप्टर द्वारा दिनांक 15 फरवरी 2026 को “जीवन साथी की खोज” शीर्षक से एक भव्य मॅट्रिमोनी मीट का सफल आयोजन किया गया, जिसमें सदस्यों एवं उनके परिवारों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। इस कार्यक्रम में लगभग 185 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 50 युवक परिवार एवं 18 युवती परिवार सम्मिलित थे। कार्यक्रम का आयोजन होटल रमाडा जीरकपुर में किया गया जोकि प्रातः 9 बजे से 3 बजे तक चला। सभी के लिए ब्रेकफास्ट एवं लंच की उचित व्यवस्था की गयी थी।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जैन समाज के परिवारों को एक सम्मानजनक, सुव्यवस्थित एवं विश्वसनीय मंच प्रदान करना था, ताकि वे सौहार्दपूर्ण एवं सहज वातावरण में परस्पर संवाद कर उपयुक्त वैवाहिक संबंधों की संभावनाएं तलाश सकें। कार्यक्रम के दौरान परिवारों के बीच लगभग 30 सुव्यवस्थित एवं संरचित बैठकें आयोजित की गईं, जिससे सार्थक संवाद एवं बेहतर आपसी समझ विकसित हो सकी।
कार्यक्रम की योजना गोपनीयता, अनुशासन एवं पारदर्शिता को ध्यान में रख कर की गयी थी । प्रतिभागियों द्वारा इन व्यवस्थाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। अभ्यर्थियों एवं उनके परिवारों की निजता एवं सुविधा बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम का समापन अत्यंत सकारात्मक वातावरण में हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था, सुचारु संचालन एवं सुविचारित योजना के लिए JITO चंडीगढ़ चैप्टर की सराहना की।
यह सुव्यवस्थित एवं प्रभावी कार्यक्रम डॉ. सुधीर कुमार जैन, कोषाध्यक्ष – JITO चंडीगढ़ चैप्टर के कुशल नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें चेयरमैन JITO श्री लोकेश जैन, वाईस चेयरमैन JITO एवं अध्यक्ष श्री दिगम्बर जैन सोसाइटी चंडीगढ़ श्री धर्मबहादुर जैन तथा अन्य पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा वे चंडीगढ़ के अलावा पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं दिल्ली सहित इन राज्यों के छोटे-छोटे शहरों एवं दूर-दराज़ के क्षेत्रों से भी पहुंचे थे

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share