चण्डीगढ़ में सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित व्यक्तियों का पहला सामुदायिक मीट-अप 15 को

चण्डीगढ़ : शहर में पहली बार सेरेब्रल पाल्सी (सीपी) से प्रभावित व्यक्तियों के लिए सामुदायिक मीट-अप आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का आयोजन बेंगलुरु स्थित दिव्यांगता क्षेत्र की संस्था एनेबल इंडिया द्वारा अपनी राष्ट्रीय पहल सीपी राइज़ के अंतर्गत किया जा रहा है।
इस सम्बन्ध में आज चण्डीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में सीपी राइज़ के कंसल्टेंट चैतन्य मुकुंद,जिन्हें स्वयं भी सेरेब्रल पाल्सी हैं, ने पत्रकारों को सम्बोधित करते बताया कि सेरेब्रल पाल्सी भारत में अब भी सबसे कम पहचानी जाने वाली दिव्यांगताओं में से एक है। इस स्थिति से प्रभावित कई लोग न्यूरोलॉजिकल समस्या के साथ-साथ अन्य सह-रोग स्थितियों से भी जूझते हैं, जिससे समाज में उनकी भागीदारी सीमित हो जाती है और उन्हें अपनी समस्याएं व विचार रखने के अवसर भी कम मिलते हैं।
इस अवसर पर एनेबल इंडिया की सीनियर मैनेजर सोमा बैनर्जीने बताया कि इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए एनेबल इंडिया ने सीपी राइज़ पहल शुरू की है, जो सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित व्यक्तियों को स्वयं-वकालत करने वाले, नेतृत्वकर्ता और परिवर्तन के वाहक के रूप में सशक्त बनाने का प्रयास करती है। यह मंच सीपी से प्रभावित व्यक्तियों, उनके परिवारों, देखभालकर्ताओं, पेशेवरों और संगठनों को एक साथ लाकर समावेशी समुदाय निर्माण की दिशा में काम करता है।
सीपी राइज़ की मिशन लीडर जीजा घोष का कहना है कि यह हमारे लिए खुशी और शक्ति के साथ एकजुट होकर आगे बढ़ने का अवसर है। जब अवसर और संभावनाएं मिलती हैं, तो सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित व्यक्ति जीवन के हर क्षेत्र में नेतृत्व कर सकते हैं और उत्कृष्टता हासिल कर सकते हैं।

एनेबल इंडिया की सीनियर एग्जीक्यूटिव अमृता वीएस ने इस मौके पर इनेबल इंडिया की अब तक की यात्रा और इस क्षेत्र में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के प्रयासों के बारे में बताया.उन्होंने कहा यह मीट-अप चण्डीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित किया जाएगा, जहां सीपी से प्रभावित व्यक्ति और उनके परिवार एक सुरक्षित और समावेशी माहौल में अपने अनुभव साझा कर सकेंगे, नेटवर्क बना सकेंगे और एक-दूसरे से सीख सकेंगे।
चैतन्य मुकुंद ने बताया कि कार्यक्रम में कई इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पीजीआई से वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनुराधा शर्मा, डॉ. अलका शर्मा, डॉ. आरएस सोढ़ी और डॉ अरुण बंसल विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। इन सत्रों में एएसी के माध्यम से अभिव्यक्ति, मानसिक स्वास्थ्य, व्हीलचेयर उपयोगकर्ताओं के लिए मांसपेशियों की मजबूती और स्मार्टफोन के जरिए एडैप्टिव फोटोग्राफी जैसे विषय शामिल होंगे।
इससे पहले सीपी राइज़ के मीट-अप बेंगलुरु, नई दिल्ली, कोच्ची, कोलकाता और मुंबई जैसे शहरों में सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं, जिनका उद्देश्य सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित लोगों के लिए मजबूत सामुदायिक सहयोग प्रणाली विकसित करना है।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share