भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष शक्ति प्रकाश देवशाली ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस द्वारा महापौर के चुनाव फरवरी माह में किये जाने की मांग को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि इससे उनकी सत्ता-लोलुपता प्रदर्शित होती है।
देवशाली ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस चंडीगढ़ नगर निगम के एक्ट के विरुद्ध चुनाव चाहते हैं जब कि एक्ट के अनुसार वर्ष के प्रथम माह में ही चुनाव होने चाहिए।
देवशाली ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन का महापौर का विगत वर्ष का कार्यकाल ‘सर्वाधिक निष्क्रिय’ कार्यकाल के रूप में चण्डीगढ़वासियों द्वारा याद किया जाएगा। आम आदमी पार्टी ने नगर निगम चुनावों में अपने घोषणापत्र में मुफ्त पानी का वादा किया था लेकिन एक वर्ष का कार्यकाल बीत जाने के बावजूद मुफ्त पानी तो क्या समुचित मात्रा में चंडीगढ़ के निवासियों को पीने का पानी उपलब्ध करवाने में भी असमर्थ रहे हैं। बीते वर्ष शहर के विभिन्न भागों में लोग बूँद-बूँद पानी के लिए तरसते रहे और गठबंधन के नेता ‘नीरो’ की भांति सत्ता की बांसुरी बजाते रहे। आज जब महापौर से शहर की जनता बीते वर्ष का लेखो-जोखा मांग रही है तो अपनी खिसियाहट छुपाने और जनता का ध्यान भटकाने के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेता चुनाव फरवरी में करवाने की मांग उठा रहे हैं।
उन्होंने गठबंधन के संयुक्त लोकसभा प्रत्याशी मनीष तिवारी द्वारा भी अपने घोषणापत्र में किये गए प्रत्येक परिवार की महिलाओं को 8500 रूपए प्रति माह देने के वादे से मुकरने का भी आरोप लगाते हुए उन्हें शीघ्र यह राशि महिलाओं के खातों में जमा करवाने को कहा।
देवशाली ने उपायुक्त चंडीगढ़ प्रशासन से आग्रह किया कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की नगर निगम एक्ट के विरुद्ध की जा रही मांग को दरकिनार करते हुए जनवरी माह में ही शीघ्र महापौर, वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर के चुनाव करवाए जाएं।