कांग्रेस ने मेयर चुनाव में पार्टी उम्मीदवार घोषित करने को तिवारी और लक्की को अधिकृत किया।

 

कांग्रेस ने अपने सभी सात पार्षदों द्वारा जनहित के लिए अन्थक काम करने की सराहना करते हुए सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित किया

नोट
11.01.2024

आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और पार्षदों की एक बैठक चण्डीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी और कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस लक्की के नेतृत्व में कांग्रेस भवन सैक्टर 35 में हुई, जिसमें चंडीगढ़ के लोगों के सामने खड़े सिविक मसलों को सुलझाने और अन्य ज्वलंत मुद्दों के प्रबंधन में नगर निगम की प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया गया।

चंडीगढ़ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता राजीव शर्मा के अनुसार, बेठक में एक के बाद एक सभी वक्ताओं द्वारा भाजपा और चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा हर कदम पर बाधाएं खड़ी किए जाने के बावजूद, शहर के खोए हुए गौरव को बहाल करने के लिए सभी कांग्रेसी पार्षदों के ईमानदार प्रयासों की सराहना की गई। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया जिसमें शहरवासियों की सेवा में सभी कांग्रेसी पार्षदों द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की गई।

इस अवसर पर बोलते हुए सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि वे शहर के विकास को कई वर्षों से अवरुद्ध करने वाली नौकरशाही द्वारा उनके फ़ैसले लेने की प्रक्रिया में लोकतांत्रिक तौर तरीकों को अपनाने कों लेकर लगातार प्रयास कर रहे हैं ताकि परस्पर सहमति बना कर सभी समस्याओं का सर्वमान्य हल तलाश करने का रास्ता निकल सके और चण्डीगढ़ में काफ़ी समय से लम्बित मसलों का न्यायसंगत समाधान हो सके। उन्होंने शहरवासियों को आश्वस्त किया कि जब तक शहर का प्रशासन शहरवासियों की वास्तविक आशाओं और आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित नहीं करता, तब तक वह अपने यह प्रयास पूरे ज़ोरदार तरीके से जारी रखेंगे। अपने चुनावी वादों को दोहराते हुए तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उन्हें पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए उन्होंने कांग्रेस के पार्षदों और कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत से शहर की सेवा में जुट जाने का आह्वान किया ।

कांग्रेस पार्टी को बूथ स्तर तक और मजबूत करने के सवाल पर स्थानीय कांग्रेस अध्यक्ष.एच. एस लक्की ने कहा कि यह संतोष की बात है कि पार्टी और इसके सभी विंग शहर के सामने आने वाले मुद्दों को पूरी ताकत के साथ उठा रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों से चंडीगढ़ बिजली विभाग के निजीकरण के खिलाफ कांग्रेस पार्टी की लड़ाई में शामिल होने की अपील भी की। ​​

बैठक में पार्षदों, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के अलावा सभी फ़्रंटल संस्थाओं के सीनियर नेता मौजूद थे। पार्टी के सभी सात पार्षदों को समान रूप से सक्षम बताते हुए सभी वरिष्ठ नेताओं ने सर्वसम्मति से तिवारी और लक्की को आम आदमी पार्टी के साथ हुए समझौते के अनुसार कांग्रेस के खाते में आए सभी मेयर पदों के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों का चयन करने के लिए अधिकृत कर दिया।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share