गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी पर कांग्रेस का हमला, कहा– आम आदमी की कमर तोड़ रही महंगाई

चंडीगढ़। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लकी ने रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में हाल ही में की गई बढ़ोतरी को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है और आम जनता का जीवन दिन-ब-दिन कठिन होता जा रहा है। गैस सिलेंडर के दामों में ₹60 की बढ़ोतरी को उन्होंने आम आदमी की कमर तोड़ने वाला फैसला बताया।

लकी ने कहा कि रसोई गैस हर घर की बुनियादी जरूरत है, लेकिन सरकार बार-बार इसकी कीमतें बढ़ाकर मध्यम वर्ग और गरीब तबके पर भारी आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय रसोई गैस सिलेंडर लगभग ₹410 में उपलब्ध होता था, जबकि आज इसकी कीमत बढ़कर करीब ₹1000 तक पहुंच चुकी है, जो साफ दर्शाता है कि मौजूदा सरकार की नीतियों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगभग 26 डॉलर प्रति बैरल तक गिर गई थीं, तब भी सरकार ने उसका लाभ जनता तक नहीं पहुंचाया। इसके बजाय टैक्स और अन्य माध्यमों से आम लोगों पर आर्थिक बोझ बनाए रखा गया।

लकी ने कहा कि आज देश का आम नागरिक पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते खर्चों से परेशान है। ऐसे समय में सरकार को राहत देने वाले कदम उठाने चाहिए थे, लेकिन इसके विपरीत गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई।

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी इस फैसले की कड़ी निंदा करती है और केंद्र सरकार से मांग करती है कि बढ़ाई गई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

लकी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने इस निर्णय को वापस नहीं लिया, तो चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर बड़ा जनआंदोलन शुरू करेगी और सड़कों पर उतरकर आम जनता की आवाज बुलंद करेगी।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share