चंडीगढ़, 21 फरवरी 2026
केंद्र की भाजपा सरकार की जनविरोधी, युवा-विरोधी और लोकतंत्र विरोधी नीतियों के खिलाफ आज चंडीगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के दफ्तर ‘कमलम’ की ओर सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ एक उग्र और निर्णायक मार्च निकाला। इस मार्च की अगुवाई चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एच.एस. लक्की और युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक लुबाना ने की।
सैकड़ों युवाओं ने सड़कों पर उतरकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार रोष व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं के हाथों में कांग्रेस के झंडे और बैनर थे, जिन पर प्रधानमंत्री से देशहितों से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की मांग लिखी हुई थी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने देश के युवाओं के भविष्य के साथ विश्वासघात किया है, बेरोजगारी को चरम पर पहुंचा दिया है, महंगाई से आम जनता की कमर तोड़ दी है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया है।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कथित ‘यू.एस. डील’ को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि इसमें देशहितों की पर्याप्त रक्षा नहीं की गई। उन्होंने कहा कि देश का नेतृत्व नैतिक रूप से समझौता कर चुका है और सत्ता बचाने के लिए हर लोकतांत्रिक आवाज को कुचलने पर उतारू है।
जैसे ही युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े, चंडीगढ़ पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की की गई, लाठीचार्ज किया गया और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर वॉटर कैनन का प्रयोग किया गया। पानी की तेज बौछारों और लाठियों के बावजूद युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता डटे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी। कांग्रेस नेतृत्व ने इसे एक घबराई हुई और जनसमर्थन खो चुकी सरकार की मानसिकता बताया।
पुलिस की इस कार्रवाई में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता घायल हुए, जिनमें उपाध्यक्ष सुखदेव सिंह, महासचिव संदीप गुर्जर, जिला अध्यक्ष प्रकुल और प्रदर्शन में शामिल युवा नेताओं में सचिन गालव, हरसिमरन, अतीन्द्र राबी ,कपिल चोपड़ा, दीपक जैसवाल, रवि राणा, धीरज गुप्ता, अमित कुमार, वार्ड अध्यक्ष शद्दन, विक्रमजीत , लेखपाल, राम कुमार, सहित अनेक साथी शामिल हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह दमनकारी कार्रवाई लोकतंत्र पर सीधा हमला है।
इस अवसर पर एच.एस. लक्की ने कड़े शब्दों में कहा:
“भाजपा सरकार की तानाशाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की लाठियां और वॉटर कैनन युवाओं के हौसले को तोड़ नहीं सकते। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार जनता के मुद्दों से भाग रही है। देश की संप्रभुता और स्वाभिमान से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। हम सड़क से संसद तक इस अन्याय के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेंगे।”
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक लुबाना ने कहा कि देश का युवा आज बेरोजगारी, महंगाई और अवसरों की कमी से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और राष्ट्रीय हितों को ताक पर रखकर राजनीतिक सौदेबाजी में लगी हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि जब संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गलवान जैसे गंभीर राष्ट्रीय मुद्दे को उठाने की कोशिश की, तो उन्हें बोलने का अवसर तक नहीं दिया गया। यह दर्शाता है कि केंद्र सरकार असहज सवालों से बच रही है और लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर कर रही है।
चंडीगढ़ युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष केवल एक दिन का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक व्यापक जनआंदोलन की शुरुआत है। कांग्रेस नेतृत्व ने चेतावनी दी कि यदि दमनकारी रवैया जारी रहा, तो आंदोलन और अधिक व्यापक और तेज किया जाएगा।
चंडीगढ़ युवा कांग्रेस ने दो टूक शब्दों में कहा कि देशहित, युवाओं का भविष्य और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा, चाहे इसके लिए कितनी भी कुर्बानी क्यों न देनी पड़े।
