जालंधर में सामाजिक–धार्मिक संस्थाओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित

श्री राम नवमी उत्सव कमेटी (रजि.), हिन्द समाचार भवन, सिविल लाइन्स जालंधर द्वारा माननीय श्री विजय कुमार चोपड़ा जी के सानिध्य में पंजाब भर की सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के सम्मान हेतु भव्य समारोह का आयोजन कबाना रिजॉर्ट, जालंधर में किया गया।

इस कार्यक्रम में उन संस्थाओं और उनके पदाधिकारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया जो मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के पावन आयोजनों—श्री रामलीला, दशहरा उत्सव, श्री राम दरबार, महामाई के भगवती जागरण, राहत सामग्री ट्रक सेवा, रक्तदान शिविर तथा जरूरतमंद परिवारों के लिए मासिक राशन वितरण कैंप आयोजित कर समाज सेवा में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।

समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में माननीय श्री विजय कुमार चोपड़ा जी एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायाब सिंह सैनी के कर-कमलों द्वारा श्री खाटू श्याम संकीर्तन मंडल, चंडीगढ़ को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। यह सम्मान मंडल के चेयरमैन श्री अमित गोयल एवं प्रधान श्रीमती अनु रत्ता ने ग्रहण किया।

कार्यक्रम में अनेक शीर्ष सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक विभूतियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए मेडिकल चेकअप कैंप भी लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया।

भजन–संकीर्तन के माध्यम से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को भोजन प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का माध्यम बनते हैं।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share