“चोर मचाए शोर – कांग्रेस पर सटीक बैठती कहावत”

भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के मीडिया प्रभारी रवि रावत ने कांग्रेस पार्टी पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि “चोर मचाए शोर” की कहावत कांग्रेस पर पूरी तरह से सटीक बैठती है। जिस पार्टी ने अपने शासनकाल में घोटालों की लंबी फेहरिस्त खड़ी की, वही आज भारतीय जनता पार्टी पर वोट चोरी का आरोप लगाने का दुस्साहस कर रही है।

रवि रावत ने कांग्रेस नेता पवन बंसल, कांग्रेस अध्यक्ष लकी और राहुल गांधी पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे देश में भ्रष्टाचार और घोटालों का रिकॉर्ड कांग्रेस पार्टी का ही रहा है। बोफोर्स घोटाला, कोयला घोटाला, 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, हेलीकॉप्टर घोटाला — यह सब कांग्रेस की ही देन हैं। ऐसे में कांग्रेस अगर भारतीय जनता पार्टी पर वोट चोरी का आरोप लगाए तो यह अपने आप में हास्यास्पद और जनता को गुमराह करने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि पवन बंसल, लकी और राहुल गांधी बताएं कि जब चुनाव आयोग ने उनसे एफिडेविट दाखिल करने को कहा, तो उन्होंने हलफनामा क्यों नहीं दायर किया। यदि वास्तव में उनके आरोपों में सच्चाई होती तो वे चुनाव आयोग और अदालत के सामने प्रमाण पेश करते। लेकिन सच्चाई यह है कि कांग्रेस केवल बेबुनियाद आरोप लगाकर देश की जनता को गुमराह करना चाहती है।

रवि रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का चरित्र ही झूठ की राजनीति करना है। आज देश की जनता जागरूक है, वह कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र को भली-भांति पहचान चुकी है। राहुल गांधी, पवन बंसल और कांग्रेस अध्यक्ष लकी देश को भ्रमित करने की कोशिश करते रहते हैं, लेकिन अब जनता उनके झूठे वादों और फर्जी आरोपों में नहीं फंसने वाली।

उन्होंने कहा कि यह वही स्थिति है जैसे “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे।” कांग्रेस को सत्ता से बाहर हुए एक दशक से ज्यादा हो गया है और जनता ने उसे बार-बार नकारा है। अब कांग्रेस बौखलाहट में केवल झूठ बोलकर अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रही है, लेकिन जनता ने तय कर लिया है कि भ्रष्टाचार और घोटालों में लिप्त पार्टी को कभी स्वीकार नहीं करेगी।

रवि रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी जनता के विश्वास और सेवा के आधार पर राजनीति कर रही है। विकास, सुशासन और पारदर्शिता भाजपा की पहचान है। जबकि कांग्रेस की पहचान केवल भ्रष्टाचार, वंशवाद और झूठी राजनीति है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस को देश की जनता ने पहले ही नकार दिया है और आगे भी जनता उसे सत्ता में लौटने नहीं देगी। झूठ और फरेब की राजनीति करने वाली कांग्रेस का चेहरा पूरी तरह उजागर हो चुका है।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share