भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश की संगठनात्मक कार्यशाला सफलतापूर्वक सम्पन्न

चंडीगढ़, 24 अगस्त 2025 –
भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश द्वारा 24 अगस्त 2025 को प्रदेश कार्यालय कमलम, सेक्टर 33 में एक दिवसीय प्रदेश संगठनात्मक कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक सुदृढ़ करना तथा पार्टी की विचारधारा और कार्यप्रणाली को प्रदेश स्तर पर और व्यापक रूप से स्थापित करना रहा।

कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में चंडीगढ़ प्रदेश की प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने विशेष रूप से शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने अपने मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक सशक्त संगठन है, जो सेवा, संगठन और समर्पण की भावना के साथ देशहित के कार्यों में अग्रणी है।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने भी बड़े ही प्रभावशाली ढंग से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की वास्तविक शक्ति कार्यकर्ताओं में निहित है और हर कार्यकर्ता को संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुँचाने का कार्य प्राथमिकता से करें।

कार्यशाला में संगठन महामंत्री चंडीगढ़ एवं पंजाब श्रीनिवासुलु भी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने वक्तव्य में संगठनात्मक अनुशासन, कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता ही पार्टी की आत्मा है और उनकी निष्ठा से ही संगठन मजबूत बनता है।

इसी कड़ी में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय टंडन ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया और कहा कि भाजपा की ताकत इसकी संगठनात्मक संरचना और अनुशासित कार्यकर्ता हैं।

इस अवसर पर प्रदेश पदाधिकारी, जिला स्तर के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, उनके महामंत्री, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष एवं महामंत्री बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यशाला के दौरान अलग-अलग विषयों पर विस्तृत सत्र आयोजित किए गए, जिनमें वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका, मीडिया प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान और चुनावी रणनीति जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यशाला का मुख्य संदेश यह रहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन का मजबूत स्तंभ है। सभी कार्यकर्ताओं को न केवल पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की नीतियों और योजनाओं को पहुँचाने की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

प्रदेश संगठनात्मक कार्यशाला ने यह संकल्प दिलाया कि चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगा। पार्टी की यह परंपरा है कि वह निरंतर अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करती है और उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए तैयार करती है।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share