सेक्टर 36-C में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

*चंडीगढ़:* सेक्टर 36-C की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा बाल दिवस के अवसर पर विशेष समारोह एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। RWA के प्रधान अरुण अग्रवाल ने अपनी टीम के साथ इस कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर एवं वार्ड नंबर 24 के पार्षद जसबीर सिंह बंटी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

कार्यक्रम में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और 3 आर रिड्यूस रीयूज़ रीसाइकल* तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर सुंदर एवं रचनात्मक पेंटिंग बनाकर समाज को जागरूकता का संदेश दिया। बच्चों की प्रतिभा, कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता ने सभी का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि जसबीर सिंह बंटी ने बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने सभी को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जी बच्चों से बहुत प्यार करते थे और उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं। बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।

उन्होंने कहा कि पेंटिंग केवल रंगों से तस्वीर बनाना नहीं, बल्कि अपने विचारों, कल्पनाओं और सपनों को व्यक्त करने का एक सुंदर माध्यम है। हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जरूरत है उसे पहचानने और प्रोत्साहित करने की।

उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में जीतना या हारना महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि उसमें भाग लेना, कुछ नया सीखना और अपनी प्रतिभा को निखारना सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।

इस कार्यक्रम का संचालन की जनरल सेक्रेटरी श्रीमती बिंदु दलजीत सिंह की देखरेख में किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में रविना सूरी, सीमा सचदेवा एवं रहमत विर्क शामिल रहीं। मंच संचालन मनीष गुप्ता ने किया, जबकि जेपीएस विर्क एवं कुलबीर सूरी ने कार्यक्रम की अन्य व्यवस्थाओं को बखूबी संभाला।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सेक्टर निवासियों ने भी भरपूर आर्थिक सहयोग दिया। निवासियों ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके लिए पुरस्कार एवं रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की। सभी के सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन बच्चों के लिए यादगार बन गया।

अंत में जसबीर सिंह बंटी ने र डब्ल्यू ए सेक्टर 36-C के प्रधान अरुण अग्रवाल, जनरल सेक्रेटरी श्रीमती बिंदु दलजीत सिंह, सभी पदाधिकारियों, निर्णायक मंडल, आयोजकों एवं सहयोग देने वाले सेक्टर निवासियों का हार्दिक धन्यवाद किया।

उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बच्चे हमेशा बड़े सपने देखें, मेहनत करें और अपने माता-पिता के साथ-साथ देश का नाम भी रोशन करें।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share