दीपावली की खुशियां बांटने बाजार पहुंचे खेल मंत्री गौरव गौतम, व्यापारियों ने तिलक और आरती कर किया भव्य स्वागत

दुकानों पर बैठाकर व्यापारियों ने किया आत्मीय अभिनंदन, बाजार में देखने को मिला खासा उत्साह

पलवल। दीपावली के पावन पर्व पर हरियाणा सरकार में खेल मंत्री श्री गौरव गौतम पलवल के मुख्य बाजार में पहुंचे और व्यापारी भाइयों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बाजार में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। व्यापारियों ने खेल मंत्री का अपनी दुकानों पर बैठाकर तिलक लगाया और आरती उतारकर पारंपरिक एवं आत्मीय अंदाज में स्वागत किया।

इस अवसर पर व्यापारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बाजार में पहुंचने पर जगह-जगह व्यापारियों ने मंत्री गौरव गौतम का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। किसी ने उन्हें तिलक लगाकर शुभकामनाएं दीं तो किसी ने आरती उतारकर दीपावली की खुशियों में शामिल किया।

खेल मंत्री गौरव गौतम ने व्यापारियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनके परिवारजनों एवं प्रतिष्ठानों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और खुशियां बांटने का त्योहार है। व्यापारी वर्ग समाज और अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। बाजारों की रौनक और व्यापारियों की मेहनत से ही त्योहारों की खुशियां और भी खास बनती हैं।

उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे दीपावली का पर्व हर्षोल्लास, आपसी सद्भाव और उत्साह के साथ मनाएं।

इस दौरान व्यापारियों ने भी खेल मंत्री के बाजार पहुंचने पर प्रसन्नता व्यक्त की। दुकानों पर बैठाकर तिलक और आरती से किए गए स्वागत ने इस मुलाकात को खास बना दिया। पूरे बाजार में दीपावली की रौनक और उत्साह का माहौल नजर आया।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share