अक्षय शर्मा ने फूंका चुनावी बिगुल, पंजाब दौरे के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से की मुलाकात

 

कहा- प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और केवल सिंह ढिल्लों की अगुवाई में पंजाब में लौटेगी शांति, स्थिरता और विकास

अमृतसर। अमृतसर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता अक्षय शर्मा ने सोमवार को 2027 विधानसभा चुनावों का बिगुल फूंकते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में पंजाब में एक बार फिर शांति, स्थिरता और विकास का दौर लौटेगा।

अक्षय शर्मा ने कहा कि पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करेगी, क्योंकि प्रदेश की जनता कानून व्यवस्था बनाए रखने में आम आदमी पार्टी सरकार की विफलता को समझ चुकी है। उन्होंने यह बात आज हलवारा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ हुई मुलाकात के बाद कही। इस दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और राज्यसभा सदस्य डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी भी मौजूद रहे। वरिष्ठ भाजपा नेताओं में किरीत ढिल्लों, बलजीत सिंह और संचित शर्मा सहित अन्य नेता भी बैठक में उपस्थित थे।

अक्षय शर्मा ने कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही प्रभावी और जवाबदेह शासन देने में सक्षम है। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य राजनीतिक दलों ने पंजाब को निराश किया है और आम आदमी पार्टी सरकार के रवैये के कारण प्रदेश की शांति और कानून व्यवस्था प्रभावित हुई है।

अमृतसर में विभिन्न वर्गों के लोगों के बीच लोकप्रियता रखने वाले अक्षय शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अमृतसर से जुड़े सभी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर केंद्र सरकार के समक्ष उठाकर उनके प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ हुई मुलाकात के दौरान उन्होंने पंजाब में बढ़ते नशे, बेरोजगारी और आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान सरकारी स्कूलों के गिरते स्तर जैसे गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने पंजाब और यहां की जनता से जुड़े सभी मुद्दों के समाधान के लिए पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया है।

अक्षय शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास और प्रगति का पर्याय है और पंजाब की जनता अब राज्य की बागडोर भाजपा के हाथों में सौंपना चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में पंजाब एक बार फिर विकास, शांति और खुशहाली के मार्ग पर अग्रसर होगा।

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share