गोपाल मूर्ति फाउंडेशन ने फतेहपुर स्कूल में बच्चों को बांटी स्टेशनरी सामग्री

पंचकूला 11 मई 2026: सेक्टर-20 स्थित फतेहपुर स्कूल में सोमवार गोपाल मूर्ति फाउंडेशन की ओर से विद्यार्थियों के लिए स्टेशनरी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सामाजिक पहल का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला।

फाउंडेशन द्वारा विद्यार्थियों को पढ़ाई में काम आने वाली विभिन्न स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई, जिनमें पेंसिल, नोटबुक, ड्रॉइंग फाइलें, रंग, शार्पनर और इरेज़र शामिल रहे। बच्चों ने खुशी के साथ यह सामग्री प्राप्त की और फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रशासन ने भी इस पहल को बच्चों के लिए बेहद उपयोगी बताया।

इस अवसर पर सारिका तिवारी विशेष रूप से मौजूद रहीं। उनके साथ पुर्नूर वशिष्ठ ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और बच्चों के बीच स्टेशनरी सामग्री वितरित की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का समस्त महिला स्टाफ उपस्थित रहा तथा सभी ने फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सारिका तिवारी ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और समाज का दायित्व बनता है कि वह बच्चों को बेहतर भविष्य देने में अपना सहयोग दे। उन्होंने कहा कि कई बार छोटी-छोटी आवश्यकताएं भी बच्चों की पढ़ाई में बाधा बन जाती हैं, इसलिए ऐसे प्रयास बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि गोपाल मूर्ति फाउंडेशन लगातार सामाजिक और शैक्षणिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है तथा भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों के लिए इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। उनका मानना है कि यदि समाज मिलकर शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे, तो बच्चों का भविष्य और अधिक उज्ज्वल बनाया जा सकता है।

विद्यालय के स्टाफ सदस्यों ने भी फाउंडेशन की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों को न केवल सहायता प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी करते हैं। कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया

Please follow and like us:
Pin Share
YouTube
Pinterest
LinkedIn
Share