- -डा. हरीश वशिष्ठ चेयरमैन, गिरीश अध्यक्ष और देवेश मौदगिल प्रदेश सचिव निर्वाचित
चंडीगढ़ : हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स (हिस्कागा) की केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की इकाई का चुनाव कर पुनर्गठन एवं घोषणा की गई। यह चुनाव माडर्न वे माडल स्कूल, सेक्टर-29 में सम्पन्न हुआ। चुनाव अधिकारी डा. गौरव गौड़, नोडल आफिसर हिस्कागा की देखरेख में चेयरमैन पद पर डा. हरीश वशिष्ठ (डीन साइंसेज, नीलम यूनिवर्सिटी, कैथल), अध्यक्ष पद पर प्रिंसिपल गिरीश सचदेवा तथा प्रदेश सचिव पद पर एडवोकेट एवं चंडीगढ़ के पूर्व मेयर देवेश मौदगिल को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इसके अलावा स्टेट चीफ कमिश्नर पद पर डा. डीपी लोचन (पूर्व डायरेक्टर जनरल हेल्थ, हरियाणा) और कोषाध्यक्ष पद पर सर्वेश (एजुकेशन कंसलटेंट) को चुना गया। संस्था के छह उपाध्यक्षों में सरदार जसज्योत सिंह अलमस्त (अध्यक्ष, फायर अवेयरनेस एंड सेफ्टी एसोसिएशन), डा. निशा गुप्ता (प्रिंसिपल), केएस भारती (पूर्व डिप्टी डायरेक्टर स्पोर्ट्स), रूप लाल (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, साफ्टबाल एसोसिएशन), राजेश कमल (प्रिंसिपल) और आदिश्वर चंदेल (समाजसेवी) को निर्वाचित घोषित किया गया। राष्ट्रीय काउंसिल के छह सदस्यों में वीना गर्ग (अध्यापिका), ईशा भारद्वाज (साइकोलाजिस्ट), अमृत प्रकाश (अध्यापिका), सरताज सिंह (रिसर्च स्कॉलर), नेहा कश्यप (प्रिंसिपल) और करमवीर (समाजसेवी) शामिल हैं। चेयरमैन डॉ. हरीश वशिष्ठ और अध्यक्ष गिरीश सचदेवा ने कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि शीघ्र ही चंडीगढ़ के सभी स्कूलों, कालेजों और पंजाब विश्वविद्यालय में हिस्कागा की यूनिट्स स्थापित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि संस्था युवाओं को जोड़कर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के लक्ष्य को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी।
प्रदेश सचिव देवेश मौदगिल ने कहा कि हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स का उद्देश्य स्काउटिंग और गाइडिंग के माध्यम से युवाओं के मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक विकास को बढ़ावा देना है। संस्था युवाओं को सामुदायिक सेवा, साहसिक गतिविधियों, योग, सर्वधर्म ध्यान, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और नेतृत्व गुणों में दक्ष बनाकर अच्छे नागरिक तैयार करती है।
